
कौन है FBI की मोस्ट वॉन्टेड भगोड़ी सिंडी सिंह, जिसे भारत से किया अरेस्ट? जानें हत्यारी मां का पूरा कच्चा चिट्ठा
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने भारतीय अधिकारियों के साथ समन्वय में एक ऑपरेशन चलाकर 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की लिस्ट में शामिल सिंडी रोड्रिगेज सिंह को भारत से गिरफ्तार किया है। सिंडी सिंह को उसके 6 साल के बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सिंडी सिंह को अब वापस अमेरिका ले जाया जा रहा है। जहां एफबीआई उसे टेक्सास पुलिस को सौंपेगी। टेक्सास में ही सिंडी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
FBI ने भारतीय अधिकारियों और इंटरपोल के साथ मिलकर सिंडी सिंह को भारत में गिरफ्तार किया। FBI के निदेशक काश पटेल ने भारतीय अधिकारियों की तारीफ भी की है। पटेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि एफबीआई ने अमेरिका के शीर्ष 10 भगोड़े अपराधियों में से एक सिंडी रोड्रिगेज सिंह को गिरफ्तार किया है। सिंडी अपने बेटे की हत्या के आरोप में वांछित थी। काश पटेल ने बताया कि मार्च 2023 में टेक्सास के एवरमैन में पुलिस ने सिंडी के बेटे की तलाश शुरू की, क्योंकि वह कई दिनों से दिखाई नहीं दिया था। सिंडी ने पुलिस से बेटे के बारे झूठ बोला और पुलिस को गुमराह किया। पुलिस पूछताछ के बाद सिंडी अमेरिका से फरार होकर भारत पहुंच गई।
बता दें कि अक्टूबर 2023 में सिंडी सिंह के खिलाफ बेटे की हत्या का मामला दर्ज किया गया। उसी साल नवंबर में पुलिस ने सिंडी की गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया। सिंडी अमेरिका में कानूनी मामलों से बचने के लिए भागकर भारत आ गई थी। सिंडी रोड्रिगेज पर 25 हजार डॉलर का इनाम घोषित था।
1985 में जन्मी सिंडी रोड्रिगेज सिंह डलास, टेक्सास में रहती थी और भारतीय मूल की है। 2023 में सिंडी पर अपने 6 साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा था। उसके बेटे नोएल अल्वारेज़ को आखिरी बार अक्टूबर 2022 में देखा गया था। हालांकि, परिवार ने मार्च 2023 तक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। नोएल के लापता होने के बाद, टेक्सास में एम्बर अलर्ट जारी किया गया था। FBI के अनुसार, एवरमैन पुलिस विभाग को टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली एंड प्रोटेक्टिव सर्विसेज ने सिंडी सिंह के 6 वर्षीय बेटे की जांच करने के लिए कहा था, क्योंकि बच्चा अक्टूबर 2022 से नहीं देखा गया था।
सिंडी ने जांचकर्ताओं से झूठ बोला कि बच्चा अपने जैविक पिता के साथ मैक्सिको में था और नवंबर 2022 से वहीं था। जबकि जांच के दो दिन बाद, सिंह को अपने पति और छह बच्चों के साथ भारत जाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर चढ़ते हुए देखा गया। जिस 6 साल के बेटे की उसने कथित तौर पर हत्या की थी, वह परिवार के साथ नहीं देखा गया।
Source:indiatv.in