EXPLAINER: अमेरिका को 4 साल में ही बदलनी पड़ गई रूस के खिलाफ रणनीति, पढ़िए ईरान, तेल और उससे पुतिन के लिए बने सुनहरे मौके की कहानी

होम

Israel Iran War: अमेरिका ने रूसी क्रूड ऑयल पर लगे कड़े प्रतिबंधों में एक महत्वपूर्ण ढील देने की घोषणा की है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने मार्च, 2026 में भारत और कुछ अन्य देशों को रूसी कच्चे तेल को खरीदने के लिए 30 दिन की विशेष छूट दे दी है। अमेरिका की तरफ से यह कदम ऐसे वक्त में उठाया गया जब वह लगातार अन्य देशों पर रूसी क्रूड ऑयल न खरीदने का दबाव बना रहा था। आइए विस्तार से समझें कि अमेरिका ने रूसी तेल पर यह बैन कब और क्यों लगाए थे, और अब उसे अपने ही निर्णय से पीछे हटने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ा।

 

बता दें कि जब रूस ने 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन पर हमला बोला, तो इसके जवाब में अमेरिका और पश्चिमी देशों ने मॉस्को की इकोनॉमी को कमजोर बनाने की रणनीति अपनाई। रूस की इनकम का सबसे बड़ा सोर्स उसका तेल और गैस एक्सपोर्ट था। मार्च, 2022 में अमेरिका ने अपने यहां रूसी क्रूड ऑयल, गैस और कोयले के इम्पोर्ट पर पूरी तरह से बैन लगा दिया। अमेरिकी प्रशासन ने इसका मकसद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 'वॉर मशीन' की फंडिंग को रोकना बताया था।


फिर दिसंबर, 2022 में अमेरिका, यूरोपियन यूनियन और G7 देशों ने मिलकर रूसी कच्चे तेल पर 60 डॉलर प्रति बैरल का 'प्राइस कैप' लागू कर दिया। इसका मुख्य उद्देश्य यह था कि दुनिया भर में तेल की सप्लाई तो बनी रहे, लेकिन रूस उससे ज्यादा मुनाफा न कमा पाए। इस प्रकार के बैन के बाद रूस अपना तेल भारी डिस्काउंट के साथ भारत और चीन को बेचने लगा। अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में भारत पर 25 प्रतिशत का टैरिफ भी लगाया था, ताकि भारत को रूस का क्रूड ऑयल खरीदने से रोका जाए।


लेकिन वर्तमान में मध्य-पूर्व एशिया में तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार की मजबूरियों की वजह से अमेरिका अपने कड़े रुख में नरमी लाने लिए मजबूर हो गया। इसके पीछे के मुख्य कारणों में से एक मिडिल-ईस्ट में गहराता युद्ध संकट है। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ती टेंशन की वजह से विश्व के सबसे अहम ऑयल ट्रेड रूट में से एक Strait of Hormuz से शिपिंग गंभीर तौर पर बाधित हुई है। दुनिया का करीबन 20-30 प्रतिशत तेल इसी रास्ते से गुजरता है। इस संकट की वजह से ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में अचानक बड़ा उछाल आ गया।

 

Source:indiatv.in


Related News