CJI सूर्यकांत पर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वकील की बढ़ी मुश्किलें, अवमानना याचिका पर कल होगी सुनवाई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने एक वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है।
वकील ने सोमवार को अदालती कार्यवाही के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट ने बार एसोसिएशन की इस मांग पर बुधवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई है।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने उठाया मामला
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने मंगलवार को CJI के समक्ष यह मामला उठाया।
उन्होंने कोर्ट को बताया कि वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की याचिका दायर करने के लिए उन्हें अटॉर्नी जनरल की सहमति मिल गई।
इस याचिका को CJI, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया था। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने की सहमति जताई है।
क्या है मामला?
यह पूरा मामला सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक घटना के बाद सामने आया है, जब CJI सूर्यकांत के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बाद वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया गया।
वकील ने CJI, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के समक्ष तत्काल सुनवाई की मांग की। उसने बताया कि उसने 2 नवंबर को CJI के कार्यालय में एक मामला सौंपा था, लेकिन 15 दिनों के बाद भी उसे कोई जवाब नहीं मिला।
जब सीजेआई ने कहा कि वे इस मामले को देखेंगे तो वकील भड़क गए और बोले, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें इसके लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है।'
इस हंगामे के बाद कार्यवाही की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया।
Source - jagran.com


