IPL 2027: दो बार के पर्पल कैप विजेता बने गुजरात टाइटंस का हिस्‍सा, भारतीय क्रिकेटर ने झेला करोड़ों का नुकसान

खेल

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। हर्षल पटेल को गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से आधिकारिक रूप से ट्रेड किया। बीसीसीआई ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करके इसकी पुष्टि की। 35 साल के हर्षल पटेल आईपीएल 2027 में गुजरात टाइटंस का प्रत‍िनिधित्‍व करेंगे।

गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने हर्षल पटेल को 4 करोड़ रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड किया। याद दिला दें कि 2015 नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने हर्षल पटेल को 8 करोड़ रुपये में खरीदा था।

किन फ्रेंचाइजी का किया प्रतिनिधित्‍व

बता दें कि हर्षल पटेल (Harshal Patel) का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उन्‍होंने 14 सीजन में चार फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्‍व किया और 124 मैचों में 8.92 की इकोनॉमी रेट के साथ 151 विकेट चटकाए। दाएं हाथ के मध्‍यम तेज गेंदबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्‍ली कैपिटल्‍स, पंजाब किंग्‍स और सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्‍व किया।

दो बार जीती पर्पल कैप

हर्षल पटेल उन चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हैं, जिन्‍होंने एक से ज्‍यादा बार पर्पल कैप जीती। आईपीएल (IPL) में एक सीजन में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप सौंपी जाती है। पटेल ने 2021 (RCB) और 2024 (PBKS) में पर्पल कैप अपने नाम की।

एसआरएच के साथ कैसा रहा सफर

हर्षल पटेल का सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के साथ प्रदर्शन ज्‍यादा प्रभावशाली नहीं रहा। पिछले सीजन की बात करें तो पटेल को केवल पांच मैचों में खेलने का मौका मिला, जिसमें वो एक भी विकेट नहीं ले सके। वहीं, 10.82 की इकोनॉमी दर से रन जरूर खर्च किए।

2025 में हर्षल पटेल को सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 करोड़ रुपये में खरीदा। पटेल ने एसआरएच के साथ अपने पहले सीजन में 13 मैचों में 16 विकेट चटकाए। हालांकि, अगले सीजन में पटेल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उन्‍होंने पांच मैचों में कोई विकेट नहीं चटकाया।

आईपीएल रिकॉर्ड बनाया

पता हो कि हर्षल पटेल के नाम आईपीएल में सबसे तेज 150 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्‍होंने केवल 2381 गेंदों में 150 शिकार पूरे किए।

 

Source - jagran.com


Related News