25 साल बाद आएगा K3G का सीक्वल? करण जौहर ने फैंस को दिखाई करीना कपूर और ऋतिक रोशन की झलक

मनोरंजन

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। करण जौहर ने 'कभी खुशी कभी गम' के अंदाज वाली एक नई क्लिप शेयर करके फैंस को उत्साहित कर दिया है। इसमें करीना कपूर और ऋतिक रोशन नजर आ रहे हैं। फिल्म के गाने 'यू आर माई सोनिया' को उन्होंने इस क्लिप के बैकग्राउंड ट्रैक के तौर पर इस्तेमाल किया है।

करीना और ऋतिक का वीडियो वायरल

वीडियो में करीना कपूर (Kareena Kapoor) अपने मशहूर किरदार 'पू' को फिर से निभाती नजर आईं, वे लिपस्टिक लगाती हैं और अपनी हील्स व सनग्लासेस उठाती हैं। फिल्म में 'रोहन रायचंद' का किरदार निभाने वाले ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan), एक ब्लैक जैकेट पहने दिखाई दिए। इसके बाद क्लिप में एक तारीख सामने आती है: 19.11.2026।

कैप्शन में छिपा है बड़ा हिंट

करण ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'कुछ कहानियां 25 साल बाद भी खत्म नहीं होतीं...' 'कभी खुशी कभी गम' साल 2001 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अब सालों बाद इस क्लिप के जरिए करण जौहर ने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है। कैप्शन से तो फिलहाल यही लगता है कि कुछ नया आने वाला है। बाकी डिटेल फिल्ममेकर ने अभी शेयर नहीं की है।

फैंस ने कमेंट सेक्शन में दिखाई एक्साइटमेंट

यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और फैंस ने कमेंट सेक्शन में एक्साइटेड दिखाई। एक यूजर ने लिखा, 'मैं शांत नहीं रह सकता'। जबकि दूसरे ने कमेंट किया, 'मैं इसे फिर से देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता'।

एक ने लिखा, 'आप हमें इस हाल में नहीं छोड़ सकते, यह बहुत ज़ुल्म है। एक ने कहा, 'क्या आप सच कह रहे हैं? हे भगवान! हम सब इसी जोड़ी का इंतजार कर रहे थे'।

हालांकि, कुछ लोगों ने इस पर कहा कि हो सकता है कि यह कोई विज्ञापन हो, उम्मीद है कि ऐसा ना हो'। हालांकि कैप्शन के हिसाब से यह कुछ नया है लेकिन फिल्म है या कुछ और यह तो 19 तारीख को ही पता चलेगा।

फिल्म के बारे में

करण जौहर द्वारा निर्देशित फैमिली ड्रामा 'कभी खुशी कभी गम' में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रोशन और करीना कपूर जैसे कई बड़े कलाकार शामिल थे।

'कभी खुशी कभी गम' (K3G) एक अमीर परिवार की कहानी है, जो गलतफहमियों की वजह से टूट जाता है। ऐसा तब होता है जब परिवार का गोद लिया हुआ बेटा एक ऐसी लड़की से प्यार कर बैठता है जो कम संपन्न पृष्ठभूमि से आती है।

फिल्म का संगीत जतिन-ललित, संदेश शांडिल्य और आदेश श्रीवास्तव ने दिया था। इसे यश जौहर ने धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया था।

Source - jagran.com


Related News