'जेफ़्री एपस्टीन की हत्या हुई थी', फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने ऑटोप्सी तस्वीरों के आधार पर किया दावा
इस लेख में परेशान करने वाली जानकारियां और आत्महत्या से जुड़े संदर्भ शामिल हैं.
फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने कहा है कि उनका मानना है कि दोषी ठहराए गए यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की जेल में मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का नतीजा थी.
बीबीसी न्यूज़नाइट से बात करते हुए प्रोफेसर माइकल फ्रीमैन ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर के मेडिकल एग्ज़ामिनर की फाइल की समीक्षा करने के बाद उनका मानना है कि एपस्टीन का गला घोंटा गया था. इसकी सबसे ज़्यादा संभावना है कि ऐसा पीछे से किया गया हो.
हालांकि, 2019 में ऑटोपसी करने वाले मेडिकल एग्ज़ामिनर ने निष्कर्ष निकाला था कि एपस्टीन की चोटें आत्महत्या से मेल खाती थीं.
उनके मुताबिक़, ऐसे कोई सबूत नहीं मिले थे जो हत्या की स्थिति में बचाव के दौरान लगने वाले घावों की ओर इशारा करते हों.
एपस्टीन 10 अगस्त 2019 को न्यूयॉर्क की जेल में मृत पाए गए थे. उस समय वह यौन ट्रैफ़िकिंग के आरोपों में मुक़दमे का इंतज़ार कर रहे थे.
मौत की वजह 'आत्महत्या' बताई गई थी
एपस्टीन की ऑटोपसी के समय मुख्य मेडिकल एग्ज़ामिनर रहीं डॉक्टर बारबरा सैम्पसन ने उनकी मौत को आत्महत्या करार दिया था.
वह पहले कह चुकी हैं, "मैं एपस्टीन की मौत के कारण और तरीके को लेकर अपने निष्कर्ष पर पूरी तरह कायम हूं."
Source - bbc.com


