जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मारा गया लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट

होम

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ शुरू हो गई। इस एनकाउंटर में जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया है। आतंकी ने मस्जिद में शरण ली हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकी को घेर लिया। सुरक्षाबलों ने लतीफ को सरेंडर करने का मौका भी दिया। लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी, जिसके बाद लतीफ को मार गिराया गया।

कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने बुधवार को कहा कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में घिरे आतंकी लतीफ भट को आत्मसमर्पण करने के लिए बार-बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और देवसर के जांगलपोरा इलाके में एक मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

सुरक्षाबलों ने इलाका घेरा: एसएसपी इनायत अली

मुठभेड़ स्थल पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए एसएसपी कुलगाम इनायत अली ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरी योजना के तहत अभियान शुरू किया था। पूरे इलाके की उचित तरीके से घेराबंदी की गई थी। उन्होंने कहा,

यहां लतीफ नाम का एक स्थानीय आतंकी घिरा हुआ था। हमने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया। मैंने खुद उससे वीडियो कॉल पर बात की और काफी देर तक बातचीत की। हमने उसे समझाया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह अभी बहुत युवा है, लेकिन वह हमारी बात मानने को तैयार नहीं हुआ।

एसएसपी ने बताया कि बाद में लतीफ एक मस्जिद के अंदर चला गया। इसके बाद भी कई बार एलान कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने फिर भी सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी और कुलगाम सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल नसीर डार मारा गया, जबकि लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकला, जिसे जवानों ने अब मार गिराया है।

कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर किया था हमला

कुलगाम के अखरन में 11 नवंबर को आतंकी लतीफ बट ने आतंकी उमर निसार के साथ सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी और भाग निकले थे। हमले में तीन जवान घायल हुए थे। तब से सुरक्षाबल उनके पीछे लगे थे।

अधिकारियों ने बताया कि लतीफ के छिपे होने की सूचना पर रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह कुलगाम से कुछ दूर लारू में आगे बढ़ रहे पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सीआरपीएफ और सेना के जवान भी अभियान में जुड़ गए। सोमवार से ही सुरक्षाबलों का यह अभियान जारी था।

हमले से पहले की थी रेकी

कश्मीर में कुलगाम जिले के अखरन में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर 11 नवंबर को हमले से एक दिन पूर्व आतंकी संगठन द रजिस्ट्रेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू आतंकी कमांडर लतीफ अहमद बट ने चार स्थानों की रेकी की थी।

इसके बाद ही हमले के स्थान और भागने के रास्ते भी तय कर लिए थे। 16 नवंबर को मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार भी लतीफ के साथ ही घूम रहा था।

सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान इसकी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि उमर ने ही लतीफ को छह माह से पनाह दे रखी थी।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी की फुटेज के विश्लेषण से दोनों आतंकियों की गतिविधियों का पता चला। फुटेज में दिखा कि दोनों ने 10 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम में घूमकर सुरक्षाबल को निशाना बनाने के स्थान की पहचान की थी।

Source - jagran.com


Related News