चीन की 'एआई वंडरलैंड' में पहुंचे ट्रंप-पुतिन समेत दुनिया के कई नेता, जानिए क्यों खास है यह शहर
27 साल के हुआंग शिहुआ शेनझेन की एक प्रमुख ह्यूमनॉइड रोबोट कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं. दक्षिण-पूर्व में बसा यह शहर चीन के उस हाईटेक भविष्य की शुरुआत के तौर पर पेश किया जाता है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और देश में विकसित तकनीक से संचालित होगा.
यहां ड्रोन आपका खाना पहुंचाते हैं. बिना ड्राइवर वाली टैक्सियां आपको मंजिल तक ले जाते समय सुकून देने वाला संगीत बजाती हैं और रोबोट न सिर्फ आपको कॉफी देते हैं, बल्कि यह भी बताते हैं कि आपकी कॉफी कहां से आई है.
हुआंग कहते हैं, "हमने शेनझेन में एक चमत्कार किया है."
उनके आसपास ह्यूमनॉइड रोबोट कॉफी बना रहे हैं और शतरंज खेल रहे हैं. वह कहते हैं, "पूरे चीन से जोश और सपनों से भरे हुए युवा यहां आए हैं."
चीनी लोग शेनझेन को "सपनों का शहर" कहते हैं. यह नाम इस शहर पर सटीक बैठता है. यह चीन के सबसे अमीर शहरों में से एक है और हांगकांग के करीब है.
यहां बनने वाली चीजों की सूची चीन के विकास की कहानी बयां करती है. पहले कैबेज पैच गुड़िया, फिर टीवी, उसके बाद आईफोन, इलेक्ट्रिक वाहन, ड्रोन और अब रोबोट.
ये रोबोट चीन की नई पीढ़ी को यहां खींचकर ला रहे हैं.
ये युवा इंजीनियर जिन "चमत्कारों" को हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, वे चीन के लिए शी जिनपिंग की महत्वाकांक्षी विजन का अहम हिस्सा हैं.
इस हफ्ते होने वाले वैश्विक आर्थिक शिखर सम्मेलन में यह शहर मुख्य आकर्षण होगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के नेता व्लादिमीर पुतिन और अन्य नेता यहां पहुंचे हैं.
लेकिन इस चमक-दमक वाले तटीय शहर का एक दूसरा पहलू भी है, जिसे वे नहीं देख पाएंगे.
मिसाल के तौर पर, ऊंची-ऊंची इमारतों के पीछे छिपे शाजिंग और सोंगगांग. कभी दुनिया के इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन का बड़ा हिस्सा यहीं से आता था.
Source - bbc.com


