भोजपुरी फिल्मी सॉन्ग पर नहीं, इस लोकगीत पर महिलाएं खेलती हैं सामा-चकेवा; बहुत मजेदार है बिहार का ये गाना
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के गाने सुनते ही दिमाग में भोजपुरी फिल्मों के गाने आते हैं, लेकिन यहां के असली लोकगीत इन गानों से काफी अलग हैं। सामा-चकेवा गीत भी यहां के लोकगीतों का अहम हिस्सा हैं।
कार्तिक के महीने में महिलाएं सामा-चकेवा खेलती हैं और उस दौरान मजेदार गीत गाए जाते हैं। ऐसा ही एक गीत सामा खेले चलली, भौजी संग सहेली। ये गीत काफी मजेदार है और सामा-चकेवा की परंपरा को बहुत ही खूबसूरत अंदाज में बयां करता है। आइए जानें सामा-चकेवा के इस गीत की क्या खासियत है।
भाभी और सहेलियों संग सामा-चकेवा खेलना
सामा-चकेवा भाई-बहन से जुड़ा पर्व है, जो एक पौराणिक कथा पर बना है। इस गीत में भाई-बहन के रिश्ते को दिखाया गया है, जिसमें बहन अपने भाई की लंबी उम्र की कामना करती है। सामा खेलने के लिए महिला अपनी भाभी और बाकी सहेलियों के साथ निकलती है। बहन कामना करती है कि उसका भाई जुग-जुग जिए।
इस गीत में आगे सामा-चकेवा खेलने की रस्म को बयां किया गया है। इस गीत में कच्चे बांस की रंग-बिरंगी टोकरी, टिमटिमाते दीए और लाल पटोर यानी लाल कपड़े का जिक्र है। सामा-चकेवा खेलने के लिए मिट्टी के सामा और चकेवा बनाए जाते हैं और एक चुगला बनाया जाता है।
सामा चकेवा खेलने के लिए महिलाएं अपने घरों से लाल कपड़े पहन और शृंगार करके निकलती हैं, जो उनके भाई ने उन्हें दिया है। ये भाई-बहन के प्यार को दिखाता है। इसके आगे सामा-चकेवा खेलते समय महिलाएं चुगला की जीभ जलाती हैं, जो भाई-बहन के बीच दरार डालना चाहता है।
गीत में बहन आगे कहती है कि वो ऐरिन-बैरिन को निहुछ कर भैया से दूर फेंक देगी, ताकि भैया को नजर न लगे। साथ ही, वो चुगला की जीभ जला देगी और उसकी जीभ को खा जाएगी, ताकि भाई-बहन के बीच वो कभी फूट न डाल सके और वो कोसी नदी के पास सामा-चकेबा को बसाएगी, ताकि भाई-बहन का प्यार बना रहे।
क्या है सामा-चकेवा गीत की खासियत?
सामा-चकेवा गीत बिहार के मिथिला क्षेत्र में खूब गाए जाते हैं। महिलाएं अपने घर से सुंदर कपड़े पहनकर बाहर निकलती हैं और मिट्टी से बने सामा-चकेवा के साथ खेलती हैं।
इन गीतों को सिर्फ महिलाएं गाती हैं, क्योंकि ये गीत बहन भाई के लिए गाती है। महिलाएं एक साथ ताली बजाते हुए ये गीत गाती हैं और चुगला की जीभ जलाते हुए हंसी-मजाक करती हैं। इस गीत को गाने के लिए किसी वाद्य यंत्र की जरूरत नहीं होती, बल्कि महिलाएं साथ मिलकर तालियों की थाप पर ही इसे गाती हैं।
Source - jagran.com


