दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ी गई 94 लाख रुपये की लग्जरी घड़ी, कस्टम ने यात्री को गिरफ्तार किया
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 लाख रुपये की एक लग्जरी घड़ी जब्त की है। यात्री दुबई से दिल्ली पहुंचा था। कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, 11 नवंबर को फ्लाइट संख्या SG5106 से दुबई से आए एक भारतीय यात्री की संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच की गई।
94 लाख रुपये आंकी गई कीमत
ग्रीन चैनल पर रोके जाने के बाद यात्री और उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई। इसके बाद DFMD गेट से गुजरते समय अलर्ट बीप बजने पर उसके पास से स्विट्जरलैंड में बनी Patek Philippe Aquanaut घड़ी बरामद हुई। चार्टर्ड इंजीनियर ने घड़ी के असली होने की पुष्टि की। इसकी कीमत करीब 94 लाख रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग ने घड़ी जब्त कर यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
टर्मिनल-3 पर खुफिया जानकारी के बाद कार्रवाई
सामने आई जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक ऑपरेशन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है और लग्जरी घड़ी जब्त की गई है। इस पूरे मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों के बारे में पता लगाने और यह जांचने के लिए कि क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति या पक्ष भी शामिल है, आगे की जांच चल रही है।
सोने की छड़ें भी हुई थीं बरामद
आपको बता दें कि इससे पहले बीते अक्तूबर महीने में भी कस्टम विभाग ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के मामले का भंडाफोड़ किया था। अधिकारियों ने दुबई से आए एक भारतीय यात्री के पास से लगभग 4.03 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की छड़ें (Gold Rods) बरामद की थीं। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 3.2 किलोग्राम था। बता दें कि फ्लोर स्प्रिंग एक ऐसा मैकेनिकल उपकरण होता है जो आमतौर पर दरवाजे के पास जमीन के नीचे लगाया जाता है, जिससे दरवाजा अपने आप बंद हो सके। कस्टम अधिकारियों ने इस मामले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 (Customs Act, 1962) के तहत मामला दर्ज कर लिया और सोने की इस खेप को जब्त कर लिया था।
Source - indiatv.in


