'खाओ पियो और मौज करो भारत का कल्चर नहीं', पीएम मोदी ने फिजूलखर्ची रोकने और सेविंग्स बढ़ाने पर दिया जोर
नई दिल्ली। लगभग 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और माओवादी खतरे को खत्म करने की सफलता की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को अपने मंत्रिपरिषद और सचिवों से कहा कि वे नशीले पदार्थों की लत को खत्म करने को अपना अगला लक्ष्य बनाएं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस चर्चा से जुड़े लोगों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी कैबिनेट मंत्रियों और सरकारी सचिवों से बचत की आदत को बढ़ावा देने के लिए कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय संस्कृति खाओ, पियो और मौज करो वाली सोच में विश्वास नहीं रखती।
पीएम मोदी ने क्यों कही ये बात?
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री का बचत को बढ़ावा देने पर जोर देने के पीछे यह चिंता थी कि गरीबी से बाहर निकलने वाले कई लोग बेहिसाब खर्च करने की आदत के कारण वापस घोर गरीबी में जा सकते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 2011 से 2023 के बीच दुनिया में गरीबी को सबसे तेजी से कम करने वाले देशों में शामिल होना एक राष्ट्रीय उत्सव का विषय है। यह उपलब्धि सरकारों, अधिकारियों, उद्योगों और आम लोगों के सामूहिक योगदान से संभव हो पाई है।
'युवाओं को बचाने के लिए नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म करना जरूरी'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत ने वामपंथी उग्रवाद (LWE) को खत्म करने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।
उन्होंने कहा, "अगर हम अपने सामूहिक प्रयासों से बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर निकाल सकते हैं और वामपंथी उग्रवाद (LWE) के खतरे को खत्म कर सकते हैं तो क्या हम नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म नहीं कर सकते? यह सब सभी के योगदान से ही संभव हुआ है। इसलिए अगर हम ठान लें तो हम ऐसा कर सकते हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगली पीढ़ी को बचाने के लिए नशीले पदार्थों के सेवन को खत्म करना बहुत जरूरी है और इसे एक व्यक्तिगत संकल्प बनना चाहिए। एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी सरकार के दृष्टिकोण और समाज की पूर्ण भागीदारी के बारे में बात की।
मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के कुछ ही घंटों बाद ही पीएम मोदी ने इस बैठक की अध्यक्षता की।
Source - jagran.com


