नवादा में तेज रफ्तार का कहर: बंगाल से पटना जा रही कार टैंकर में घुसी, 3 साल के बच्चे की मौत; 5 की हालत गंभीर

होम

संवाद सूत्र, रजौली (नवादा)। नवादा जिला के रजौली थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में तीन साल के मासूम बालक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा स्थानीय स्वास्तिक होटल के समीप हुआ।

बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से टकरा गई। यह घटना सुबह में हुई।

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान अयांश शर्मा (3 वर्ष), पिता रामप्रवेश पांडेय के रूप में हुई है। वहीं घायलों में करण शर्मा, फूलवती देवी (55 वर्ष), अनिता कुमारी (37 वर्ष), प्रीति शर्मा (17 वर्ष) और अंजली शर्मा (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रीति शर्मा का पैर फ्रैक्चर है, जबकि फूलवती देवी, करण शर्मा, मंटू शर्मा और अनिता कुमारी को प्राथमिक इलाज के बाद नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

टक्कर इतनी जोरदार कि कार के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और एंबुलेंस टीम पहुंची, रजौली अनुमंडल अस्पताल में घायलों का हुआ प्राथमिक उपचार

सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. गजेंद्र कुमार ने जांच उपरांत बालक अयांश को मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक का उपचार रजौली में जारी है।

पुलिस कर रही जांच मामले की जांच

घटना की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी एसआई जयप्रकाश चौधरी और एसआई सचिन कुमार भी अस्पताल पहुंचे।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Source - jagran.com


Related News