पंजाब में SGPC प्रधान पद का चुनाव आज, हरजिंदर सिंह धामी के दोबारा प्रधान बने के आसार
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का वार्षिक चुनावी इजलास शुक्रवार को तेजा सिंह समुद्री हाल में आयोजित होगा।
कुछ देर में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही एसजीपीसी के नए अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष और महासचिव सहित अन्य पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा।
इजलास में सबसे पहले वार्षिक कार्यवाही के बाद अध्यक्ष पद के लिए नाम प्रस्तावित किए जाएंगे। इसके बाद चुनाव अधिकारी की देखरेख में मतदान अथवा सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन होगा।
धामी के दोबारा प्रधान बनने के आसार
मौजूदा अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को दोबारा प्रधान बनाए जाने के आसार हैं। चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल के खेमे में पूरा आत्मविश्वास नजर आया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि नई टीम का चयन सर्वसम्मति से होगा।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसजीपीसी सदस्य गुरबख्श सिंह ने कहा कि उन्हें चुनाव को लेकर किसी तरह की कोई शंका नहीं है।
वर्ष 1920 से चली आ रही परंपरा और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही एसजीपीसी अध्यक्ष का चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों के प्रबंध की जिम्मेदारी लंबे समय से शिरोमणि अकाली दल के प्रतिनिधि निभाते आ रहे हैं और सिख संगत का विश्वास भी पार्टी के साथ है।
अनुशासन और सदस्यों की सहमति से ही होगा चुनाव
उन्होंने बीती रात शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी अनुशासन और सदस्यों की सहमति से ही अध्यक्ष का चुनाव किया जाता रहा है। इस बार भी इसी परंपरा का पालन किया जाएगा।
मौजूदा अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि धामी इससे पहले एसजीपीसी में मुख्य सचिव और महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव का संस्था को लाभ मिला है। आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में एसजीपीसी के कामकाज में कथित दखलअंदाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संस्था को निशाना बनाने के प्रयास किए गए, लेकिन धामी और उनकी टीम ने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया।
Source - jagran.com


