व्हाइट हाउस के साइबर सिक्योरिटी चीफ बर्खास्त; फ्लाइट्स, बैंक और NSA नेटवर्क ठप होने के बाद गिरी गाज

अंतरराष्ट्रीय

वॉशिंगटन। व्हाइट हाउस के साइबर सुरक्षा प्रमुख शॉन केर्नक्रॉस को उनके पद से हटा दिया गया है। यह कदम बड़े पैमाने पर आई तकनीकी रुकावटों और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़े खतरों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बाद उठाया गया है।

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने उन्हें हटाए जाने के फैसले का पूरा समर्थन किया, क्योंकि केर्नक्रॉस के पास इस काम के लिए जरूरी योग्यताएं नहीं थीं।

अब कौन संभालेगा पद?

सूत्र के अनुसार, उनकी जगह फिलहाल रक्षा विभाग की चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर कर्स्टन डेविस कार्यवाहक के तौर पर काम संभालेंगी। उनके पास इस पद के लिए अधिक उपयुक्त योग्यताएं हैं और उन्हें सीनेट से भी मंजूरी मिल चुकी है।

हाल के दिनों में अमेरिका में आई बड़ी तकनीकी रुकावटों ने अनगिनत उपयोगकर्ताओं के लिए यात्रा, संचार और ई-कॉमर्स को बाधित कर दिया है। साथ ही, इसने नेशनल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (NSA) के एक अत्यंत गोपनीय आंतरिक संचार नेटवर्क को भी प्रभावित किया है।

ट्रंप के साथ पहले भी काम चुके हैं केर्नक्रॉस

नेशनल साइबर डायरेक्टर के रूप में काम करने से पहले केर्नक्रॉस ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस के भीतर कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। इससे पहले केर्नक्रॉस ने 2016 के चुनाव चक्र के दौरान रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में काम किया था।

Source - jagran.com


Related News