'तुम्हें जो करना है वो...', जोश एक्टर शरद कपूर के लिए मसीहा बने Shah Rukh Khan; फोन पर कही दिल छूने वाली बात
एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। बीते दिनों शाह रुख खान के साथ फिल्म जोश में काम करने वाले अभिनेता शरद कपूर ने बॉलीवुड से काम की गुहार लगाई थी। जिसके बाद सोनू सूद से लेकर, सलमान खान तक कई सितारे अभिनेता की मुसीबत की घड़ी में उनकी मदद करने के लिए आगे आए थे।
सलमान खान के बाद अब शाह रुख खान ने पुराने को-स्टार शरद कपूर की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। शरद ने हाल ही में बताया कि शाह रुख खान ने उन्हें सामने से फोन किया। उन्होंने ये भी बताया कि किंग एक्टर से उनकी क्या बातें हुई।
शरद के लिए स्ट्रॉन्ग सपोर्ट बन खड़े हुए शाह रुख खान
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शरद कपूर ने शाह रुख खान संग हुई बातचीत के बारे में बात करते हुए कहा, "जो मैं काम मांग रहा था,वो वीडियो वायरल होने के बाद शाह रुख खान ने मुझे तुरंत फोन किया। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम जो करना चाहते हो वो करो। मैं तुम्हारी मदद करूंगा। मैं कुछ ही समय में आर्यन खान से भी मिलने वाला हूं।" हालांकि, शरद और आर्यन की ये मुलाकात किसी प्रोजेक्ट को लेकर है या नहीं, इसकी डिटेल अभिनेता ने नहीं शेयर की।
'जब शाह रुख अटके मैंने मदद की'
जोश के दौरान शाह रुख खान (Shah Rukh Khan) संग अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात करते हुए शरद कपूर ने कहा, "जिस समय हम फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, उस समय हमारा बॉन्ड बहुत अच्छा था। जब भी शाह रुख खान को कोई डायलॉग बोलने में दिक्कत आती थी, तो मैं उनकी मदद करता था, फिर चाहे वह सीन मेरे खिलाफ ही क्यों न हो। मैं बस चाहता था कि हम एक अच्छी फिल्म बनाए। शाह रुख खान एक कॉन्फिडेंट एक्टर है, वो बहुत बड़ा आदमी है।"
इसी इंटरव्यू में शरद कपूर ने ये भी बताया कि सोनू सूद ने उनसे मिलने के बाद उनके लिए डॉक्टर की एक टीम अरेंज की और लेग इंजरी के लिए मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाई। अभिनेता ने कहा कि वह अपने ट्रीटमेंट के लिए करजत जाने वाले हैं।
कौन हैं शरद कपूर?
जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दें कि शरद कपूर ने सिर्फ ऐश्वर्या राय और शाह रुख खान के साथ बड़ी फिल्म जोश में ही काम नहीं किया, बल्कि 90 और 2000 में वह कई सपोर्टिंग और विलेन के किरदारों में बिग स्क्रीन पर दिखाई दिए थे। शरद ने दस्तक, जानी दुश्मन, ये है जलवा, लाल सलाम, एलओसी कारगिल, लक्ष्य, जय हो जैसी कई बड़ी फिल्मों में अहम रोल निभाए।
Source - jagran.com


