IND vs NZ: राहुल और यशस्वी का ऐतिहासिक कमाल, गावस्कर और चेतन चौहान के रिकॉर्ड को किया धवस्त

खेल

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी से ऐतिहासिक कमाल कर दिया। इस जोड़ी ने टीम इंडिया को वो शुरुआत दी जिसकी उसे जरूरत थी। इसी के साथ इस जोड़ी ने सुनील गावस्कर और चेतन चौहान की जोड़ी के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 368 रन बनाए। यह स्कोर न्यूजीलैंड के स्थिति के हिसाब से मजबूत माना जाता है। ऐसे में भारत को ठोस शुरुआत की जरूरत थी जो राहुल और यशस्वी ने उसे दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े।

गावस्कर और चेतन चौहान को छोड़ा पीछे

यशस्वी और राहुल की यह साझेदारी न्यूजीलैंड में टेस्ट में पहले विकेट के लिए भारत की अभी तक की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इस नंबर पर इस जोड़ी से पहले सुनील गावस्कर और चेतन चौहान की जोड़ी थी। इस जोड़ी ने साल 1981 में क्राइस्टचर्च में 114 रनों की साझेदारी की थी। न्यूजीलैंड में टेस्ट में भारत के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड मनोज प्रभाकर और डब्ल्यूवी रमन के नाम है। इस जोड़ी ने ऑकलैंड में 149 रनों की साझेदारी की थी।

चौथे नंबर पर नवजोत सिंह सिंद्धू और नयन मोंगिया की साझेदारी है। इस जोड़ी ने 1994 में हेमिल्टन में पहले विकेट के लिए 102 रन जोड़े थे। यह चार ही मौके हैं जब भारत की सलामी जोड़ियों ने टेस्ट में न्यूजीलैंड में पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की है।

शतक से चूके यशस्वी

यह जोड़ी जिस तरह की बल्लेबाजी कर रही थी उससे न्यूजीलैंड के गेंदबाज परेशान हो रहे थे। दोनों ही किसी को कोई मौका नहीं दे रहे थे। लग रहा था कि यशस्वी शतक पूरा कर लेंगे, लेकिन तभी हेनरी ने उनकी पारी का अंत कर दिया। हेनरी ने यशस्वी को विकेटकीपर टॉम ब्लंडल के हाथों कैच कराया। यशस्वी ने 89 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 85 रन बनाए। केएल राहुल 52 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।


 

Source - jagran.com


Related News