Instagram ने पेश किया नया फीचर, यूजर्स अब पोस्ट करने के बाद भी एडिट कर सकेंगे स्टोरी
एएनआई, वॉशिंगटन। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम ने यूजर्स के लिए नया फीचर पेश किया है। इसकी मदद से अब यूजर्स स्टोरी पोस्ट करने के बाद भी उसमें बदलाव कर सकेंगे और इसके लिए उन्हें स्टोरी डिलीट कर दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी। खास बात यह है कि एडिट करने के बाद भी स्टोरी पर आए व्यूज, लाइक्स और रिप्लाई सुरक्षित रहेंगे।
इंस्टाग्राम प्रमुख एडम मोसेरी ने बताया कि यूजर्स स्टोरी साझा करने के 15 मिनट के भीतर उसके टेक्स्ट, म्यूजिक, स्टिकर और ड्राइंग में बदलाव कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें स्टोरी पोस्ट करने के तुरंत बाद कोई गलती नजर आती है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट कैसे करें एडिट?
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपनी पोस्ट स्टोरी खोलकर स्क्रीन के निचले हिस्से में दिए गए तीन डॉट मेन्यू पर जाना होगा। यहां एडिट स्टोरी विकल्प चुनकर जरूरी बदलाव किए जा सकेंगे। इसके अलावा, इंस्टाग्राम स्टोरी बनाने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए स्टिकर में नए फॉन्ट, रंग और आकार भी जोड़ रहा है। स्टिकर के लिए अलग-अलग शीट उपलब्ध होंगी, जिससे विकल्प तलाशना आसान होगा।
प्लेटफॉर्म कई तस्वीरें चुनने की प्रक्रिया में भी बदलाव कर रहा है। साथ ही नए ब्लर इफेक्ट, रंग और ग्रेडिएंट बैकग्राउंड भी दिए जाएंगे। इन बदलावों का उद्देश्य कंटेंट निर्माण को अधिक सुविधाजनक और रचनात्मक बनाना है।
Source - jagran.com


