पहाड़ी चाय कैसे बनाएं? इसे पीते ही आ जाएगी पहाड़ों की याद, नोट कर लें रेसिपी

लाइफस्टाइल

पहाड़ों की ठंडी हवा, चारों तरफ हरियाली और हाथों में गर्मागर्म चाय का कप... इस एहसास की बात ही कुछ और है. आपने अक्सर गौर किया होगा कि पहाड़ों पर जो चाय मिलती है, उसकी खुशबू और स्वाद कुछ अलग ही होता है. चाय की हर घूंट के साथ वो खुशबू महसूस होती है और स्वाद कमाल का लगता है. कई बार तो एक साथ दो-दो कप चाय पीने का मन कर जाता है. ऐसे में अगर आप भी पहाड़ों की सैर के दौरान मिलने वाली उस खास चाय के स्वाद को याद करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. आप चाहें, तो घर पर भी उसी तरह की खुशबूदार और स्वाद में लाजवाब चाय बना सकते हैं. यहां हम आपको इसकी बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. ये खास रेसिपी फूड कंटेंट क्रिएटर और होम शेफ श्रुति महाजन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है. श्रुति बताती हैं कि उन्होंने पहली बार ये चाय उत्तरकाशी में पी थी, तो आइए जानते हैं घर पर पहाड़ों जैसी चाय बनाने की आसार रेसिपी- 

चाहिए होंगी ये चीजें

तीन लोगों के लिए ये चाय बनाने के लिए आपको- 

  • डेढ़ कप पानी
  • एक इंच अदरक का टुकड़ा
  • 5 से 6 तुलसी के पत्ते
  • 12 से 15 पुदीने के पत्ते
  • 3 से 4 लौंग
  • 2 से 3 इलायची
  • 2 से 3 छोटे चम्मच चाय की पत्ती
  • जरूरत के अनुसार दूध और 
  • स्वादानुसार गुड़ चाहिए होगा. 

कैसे बनाएं पहाड़ी चाय?

  • सबसे पहले अदरक, तुलसी के पत्ते, पुदीना, लौंग और इलायची को सिलबट्टे या खलबट्टे में अच्छी तरह कूट लें. ध्यान रखें कि आपको इनका बहुत बारीक पाउडर नहीं बनाना है. बस दरदरा सा कूट लें.
  • अब, एक पैन में डेढ़ कप पानी डालें और तैयार मसाले को इसमें डाल दें.
  • अब, पानी को धीमी आंच पर करीब 5 मिनट तक उबलने दें, ताकि मसालों का स्वाद पानी में अच्छी तरह आ जाए. 
  • इसके बाद इसमें चाय की पत्ती डालें और करीब 2 मिनट तक पकाएं. 
  • अब, इसमें दूध मिलाकर धीमी आंच पर 2 मिनट तक उबालें.
  • जब चाय में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तो स्वाद के अनुसार गुड़ डाल दें. गुड़ घुलने के बाद गैस बंद कर दें. 
  • इतना करते ही आपकी स्वाद में लाजवाब पहाड़ों जैसी चाय बनकर तैयार हो जाएगी. 

शेफ बताती हैं, इस चाय में अदरक, तुलसी, पुदीना और इलायची जैसी चीजें इस्तेमाल होती हैं. अदरक जहां चाय को हल्का तीखापन देता है, वहीं तुलसी और पुदीना इसमें ताजगी और अच्छी खुशबू जोड़ते हैं. गुड़ से चाय में अलग मिठास आती है. ऐसे में अगर आपको चाय पीना पसंद है, तो एक बार ये रेसिपी भी जरूर ट्राई करें.

Source - ndtv.in


Related News