गंगा जल संधि पर बदला बांग्लादेश का रुख, नए समझौते की मांग छोड़ रिन्यूअल पर हुआ राजी

होम

ढाका। 1996 की ऐतिहासिक 'गंगा जल बंटवारा संधि' को लेकर बांग्लादेश के तेवर अब कुछ नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं।

पहले इस संधि की जगह एक नए समझौते की मांग कर रहे ढाका को अब उम्मीद है कि 12 दिसंबर को मौजूदा संधि की अवधि समाप्त होने से पहले, नई दिल्ली का राजनीतिक नेतृत्व इसके नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए औपचारिक बातचीत शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

पहले नए समझौते पर अड़ा था ढाका

दरअसल, बांग्लादेश पहले एक नए समझौते की मांग पर अड़ा था, जिसमें सूखे के मौसम के दौरान उसे मिलने वाले पानी की मात्रा सुरक्षित रखने की ठोस गारंटी हो।

साथ ही, उसने नई दिल्ली से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक विशेष तकनीकी टीम गठित करने की भी मांग की थी। दूसरी ओर, भारत का हमेशा से यह स्पष्ट रुख रहा है कि गंगा संधि सहित सीमा-पार नदियों से जुड़े सभी विवादों और मुद्दों को सुलझाने के लिए 'संयुक्त नदी आयोग' ही एक स्थापित और पर्याप्त तंत्र है।

91वीं बैठक के बाद बांग्लादेश ने जताई उम्मीद

ढाका में संधि के कार्यान्वयन पर बनी 'बांग्लादेश-भारत संयुक्त समिति' की 91वीं बैठक के बाद बांग्लादेश की 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री के वित्त एवं योजना सलाहकार राशद तितुमीर ने पत्रकारों से बातचीत की।

उन्होंने कहा, 'हमने संधि से जुड़ी सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हमें उम्मीद है कि भारत अंतरराष्ट्रीय नदी गंगा के पानी का समान और निष्पक्ष बंटवारा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा और अवधि खत्म होने से पहले औपचारिक बातचीत शुरू होगी'

वार्षिक रिपोर्ट को दिया गया अंतिम रूप

इस महत्वपूर्ण बैठक में 4 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत के संयुक्त नदी आयोग के प्रमुख शरद चंद्र ने किया, जबकि 6 सदस्यीय बांग्लादेशी दल की कमान अनवर कादिरी ने संभाली।

तितुमीर ने जानकारी दी कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने वर्ष 2026 के लिए संधि के कार्यान्वयन से जुड़ी वार्षिक रिपोर्ट को अंतिम रूप दे दिया है।

राजनीतिक नेतृत्व के हाथ में अंतिम फैसला

सूत्रों के मुताबिक संधि के नवीनीकरमय या इसे कुछ समय के लिए अंतरिम विस्तार देने और इसकी शर्तों को लेकर अंतिम फैसला दोनों देशों का शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व ही करेगा। बातचीत की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदउद्दीन चौधरी अनी ने हाल ही में राजनयिक माध्यमों से अपने भारतीय समकक्ष को एक पत्र भी भेजा है।

उन्होंने बताया कि बातचीत शुरू करने के लिए बांग्लादेश ने जून 2026 में एक उच्च स्तरीय तकनीकी समिति का गठन किया और भारत को इस फैसले की जानकारी दी।

साथ ही नई दिल्ली से अनुरोध किया कि वे भी अपनी तकनीकी समिति के गठन के बारे में ढाका को सूचित करें। बांग्लादेश और भारत के बीच 54 सीमा पार नदियां है, लेकिन इनमें से केवल गंगा ही ऐसी नदी है, जिसे लेकर दोनों देशों के बीच जल बंटवारे का द्विपक्षीय समझौता है।

Source - jagran.com


Related News