अगले साल खुलेगा छत्रपति शिवाजी महाराजा म्यूजिम: कैसे औरंगजेब की कैद से निकले थे? पर्यटक जानेंगे पूरी कहानी

होम

आगरा। छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय के भवन में सिविल वर्क के काम को 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। पर्यटकों के लिए संग्रहालय अगले वर्ष शुरू हो सकेगा। यहां सात गैलरियों को बनाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। बिजली की फिटिंग समेत अन्य काम शुरू कर दिए गए हैं। इसे युवाओं के लिए प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। शिल्पग्राम के समीप छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय का निर्माण 198.84 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इसे नवंबर के अंत तक पर्यटकों के लिए शुरू करने की बात कही थी, लेकिन वर्ष 2016 में शुरू हुए प्रोजेक्ट में सिविल वर्क का काम ही 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। भवन में संग्रहालय के लिए आंतरिक साज-सज्जा और बिजली के उपकरणों की फिटिंग का काम किया जा रहा है।

15 दिसंबर तक भवन में सिविल वर्क का काम पूरा करना है

छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक वैभव और वीरता के प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। इसमें छत्रपति शिवाजी महाराज की आगरा में औरंगजेब की कैद से बच निकलने की साहसिक योजना पर एक पूरी गैलरी रहेगी। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के साथ ही वीरों के साहस को भी इसमें स्थान मिलेगा, जिससे कि आने वाली पीढ़ियों को उनसे प्रेरणा मिल सके। यहां सात गैलरियों को बनने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा।

संग्रहालय में सात गैलरी बनाने के लिए काम शुरू किया गया

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय में सिविल वर्क का काम अंतिम चरण में चल रहा है। यहां आंतरिक साज-सज्जा का काम भी शुरू करा दिया गया है। संग्रहालय में बनने वाली गैलरियों और अन्य आकर्षणों के हिसाब से बिजली फिटिंग समेत अन्य काम किए जा रहे हैं।

Source - jagran.com


Related News