'मेरी बात को गलत पेश किया गया', शिकागो में हमास और इजरायल पर टिप्पणी की आलोचना के बाद राहुल गांधी ने दी सफाई
नई दिल्ली। इजरायल के साथ भारत के संबंधों को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर मचे बवाल के बीच महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने रविवार को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया है।
तुषार गांधी के मुताबिक राहुल ने उनसे हुई बातचीत में साफ किया है कि शिकागो यूनिवर्सिटी में दिए गए उनके बयानों को गलत तरह से पेश किया गया था।
'भारत की विदेश नीति इजरायल के हितों पर आधारित नहीं हो सकती'
तुषार गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'इजरायल पर आपके बयानों को लेकर मेरी टिप्पणियों का जवाब देने के लिए राहुल गांधी आपका धन्यवाद'
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तुषार ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे बातचीत में स्वीकार किया कि गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई गलत थी।
राहुल ने स्पष्ट किया कि भले ही रक्षा कारणों से भारत के इजरायल के साथ संबंध हैं, लेकिन भारत की विदेश नीति इजरायल के हितों पर आधारित नहीं हो सकती। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि शिकागो यूनिवर्सिटी में हुई बातचीत का पूरा वीडियो देखने से सभी संदेह दूर हो जाएंगे।
शिकागो में दिए किस बयान पर मचा था बवाल?
दरअसल शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ संवाद के दौरान भारत-इजरायल संबंधों पर पूछे गए एक सवाल पर राहुल गांधी ने कहा था, 'इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं। हम इजरायल से हथियार खरीदते हैं और यह अच्छी बात है। लेकिन पूरे सम्मान के साथ कहना चाहूंगा कि हम इजरायल से कहीं बड़े हैं।'
राहुल गांधी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, 'हम 1.5 अरब लोगों का देश है और हमारी विदेश नीति इस बात पर आधारित है होनी चाहिए कि हमारे लिए क्या अच्छा है न कि इस बात पर कि किसी और के लिए क्या अच्छा है।'
इसी कार्यक्रम में राहुल ने 7 अक्टूबर को हमास द्वारा किए गए हमलों को 'बेहद भयानक' बताते हुए निंदा की थी, साथ ही गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि भारत को वैश्विक मंच पर अपना प्रभाव दिखाना चाहिए और इसमें इजरायल, अमेरिका, रूस या चीन किसी का भी दखल नहीं होना चाहिए।
हालांकि, उनके इस बयान के कुछ हिस्सों को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।
तुषार गांधी के अलावा केरल के मुख्यमंत्री व सीपीएम नेता पिनाराई विजयन और सीपीआई (एमएल) के प्रमुख दीपांकर भट्टाचार्य ने भी इस पर कड़ी आलोचना की थी।
तुषार गांधी ने रखी फिलिस्तीनी राजदूत से मिलने की मांग
राहुल गांधी के स्पष्टीकरण के बाद तुषार गांधी ने मांग की है कि कांग्रेस सांसद नई दिल्ली में फिलिस्तीनी राजदूत से मुलाकात करें और फिलिस्तीन के मुद्दे पर अपना खुला समर्थन जताएं।
उन्होंने कहा कि 'गलत तरीके से पेश किए गए इस बयान' से मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है, जिसे दूर किया जाना जरूरी है।
Source - jagran.com


