अमेरिका: कैलिफोर्निया में कॉन्सर्ट के दौरान भीड़ पर गोलीबारी, 9 लोग घायल; एक की हालत गंभीर

अंतरराष्ट्रीय

वाशिंगटन। अमेरिका में कैलिफोर्निया के तुलारे काउंटी में शनिवार शाम एक कॉन्सर्ट के दौरान भीड़ पर गोलीबारी हुई, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। इन घायलों में एक की हालत गंभीर है।

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, तुलारे काउंटी शेरिफ विभाग ने रविवार को बताया कि यह घटना मध्य कैलिफोर्निया के स्ट्रैथमोर नामक एक छोटे से कस्बे में शाम करीब 7:30 बजे हुई। वहां कुछ संदिग्धों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

युवक की छाती में लगी गोली

कॉन्सर्ट में गोलीबारी के दौरान 26 साल के युवक की छाती में गोली लगी, जिसकी सर्जरी की गई है। रविवार तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

गोलीबारी में घायल होने की वजह से 19 और 22 साल के दो अन्य पीड़ितों की भी सर्जरी हुई है, जबकि छह अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।

किसने की गोलीबारी?

अधिकारियों का कहना है कि यह गोलीबारी किसी गिरोह (गैंग) से जुड़ी हो सकती है, लेकिन उन्होंने इस बारे में अभी तक कोई और जानकारी नहीं दी। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

कैलिफोर्निया में हुए इस कॉन्सर्ट में पड़ोसी राज्यों के कलाकार शामिल हुए थे और इसमें लगभग 150 लोग मौजूद थे। शेरिफ विभाग ने कहा कि अब आम जनता को कोई तत्काल खतरा नहीं है।

Source - jagran.com


Related News