तीसरे हफ्ते चमकी Ramayana की किस्मत, वीकेंड पर जमकर बरसे नोट; 1700 करोड़ के करीब पहुंचा कलेक्शन
एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), यश (Yash) और साई पल्लवी (Sai Pallavi) अभिनीत 'रामायण' (Ramayana) बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। तीसरे शुक्रवार को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई, लेकिन शनिवार और रविवार को आंकड़ों में उछाल आया, जिससे तीसरे वीकेंड के दौरान फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया।
फिल्म का नेट कलेक्शन अभी तक बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है लेकिन इस हफ्ते रामायण बड़ी आसानी से इसे पार कर लेगी।
18वें दिन कितनी हुई रामायण की कमाई?
सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, 18वें दिन 'रामायण' ने भारत में 35.60 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जिससे तीसरे वीकेंड का कुल कलेक्शन 79 करोड़ रुपये हो गया। अब तक, इस फिल्म ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर 942.75 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 1,126.50 करोड़ रुपये है।
वहीं बात करें दुनियाभर में रामायण के कलेक्शन की तो 18 दिनों में, 'रामायण' ने विदेशों में 567 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है। इस तरह, इसकी दुनिया भर में कुल ग्रॉस कमाई 1,693.50 करोड़ रुपये हो गई है।
खबरों के अनुसार, 'रामायण पार्ट 1' को 2,000 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिलहाल ऐसा लगता है कि यह फिल्म अपनी नेट कमाई से अपने बजट को पार नहीं कर पाएगी, लेकिन हो सकता है कि अपनी वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई के जरिए यह 2,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाए।
हालांकि अभी रामायण के पास परफॉर्म करने के लिए पर्याप्त समय है। आने वाले 27 नवंबर को आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की ये प्रेम मोल लिया रिलीज होगी जोकि रामायण के लिए गले की फांस बन सकती है। इसके अलावा अभी कोई अन्य बड़ी फिल्म कतार में नहीं है।
भारत में टॉप करने वाली तीन फिल्में
अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 3 फिल्मों की बात करें तो इसमें 'बाहुबली 2: द कन्क्लूज़न', 'धुरंधर: द रिवेंज' और 'पुष्पा 2: द रूल' हैं। एस.एस. राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म ने भारत में 1,030.42 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। रणवीर सिंह की फिल्म ने 1,149.30 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, और अल्लू अर्जुन की फिल्म की नेट कमाई 1,234.10 करोड़ रुपये रही।
एक हिसाब से देखें तो शायद 'रामायण' 'बाहुबली 2' के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर ले। लेकिन क्या यह 'धुरंधर 2' और 'पुष्पा 2' को पीछे छोड़ पाएगी? ये देखना दिलचस्प होगा।
Source - jagran.com


