भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी नहीं मिलाते हाथ तो MCC क्यों रहता है चुप? सामने आई बड़ी वजह
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बीते तकरीबन एक साल से भारत और पाकिस्तान की टीमें जब भी क्रिकेट के मैदान पर भिड़ी हैं तब-तब दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया है। ताजा मामला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में खेले गए मैच का है जहां भारत को हार मिली। इस मामले में अब क्रिकेट की नियामक संस्था मेरलीबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने चुप्पी तोड़ी है।
2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में और ज्यादा खटास आ गई है और इसका असर मैदान पर भी दिखा है। पिछले साल एशिया कप में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टी20 टीम ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया था। तब से यह सिलसिला शुरू हुआ है और अब चाहे महिला टीम हो या अंडर-19 टीम, कोई भी भारतीय टीम पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाती है।
नियंत्रण से बाहर
यह हाथ न मिलाने का सिलसिला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी आंच एमसीसी तक भी पहुंची है और उसने साफ कहा है कि यह उसके नियंत्रण से बाहर का मामला है। एमसीसी के लॉ मैनेजर और हेड ऑफ क्रिकेट फ्रेशर स्टीवर्ट ने कहा, "अगर ऊपर से हाथ न मिलाने का फरमान है तो फिर एमसीसी इसे नियंत्रित नहीं कर सकता। हम इस पर ध्यान देना चाहते थे, लेकिन हमें एहसास हुआ कि काफी बड़े मुद्दे इसमें शामिल हैं और यह हमारे नियंत्रण से बाहर है।"
ये चीजें हैं नियंत्रण में
स्टीवर्ट ने कहा कि उनके हाथ में जो चीजें हैं वह उस पर ध्यान देते हैं और इसमें मैदान पर खिलाड़ियों का एक-दूसरे का सम्मान करना शामिल है। उन्होंने कहा, "कुछ चीजें होती हैं जो क्रिकेट से ऊपर की हैं और यह वहां से आती हैं जिनके बारे में बात करना मेरी सीमाओं से बाहर है। हम जो नियंत्रित कर सकते हैं वो मैदान पर खिलाड़ियों का व्यवहार की वह एक-दूसरे का सम्मान करें, अंपायर का सम्मान करें।"
Source - jagran.com


