150 साल में पहली बार! क्रिकेट की पिच पर दिखेगी ऐतिहासिक संस्था 'अंजुमन' की पहली महिला टीम

खेल

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पहली कप्तान डायना इडुल्जी मुंबई में जब अंजुमन-ए-इस्लाम टी20 इंटर कॉलेज कॉम्पटीशन के उद्घाटन पर पहुंचीं तो उन्होंने एक टीम की तरफ बेहद उम्मीदों से देखा और आशा जताई की इस टीम की कई खिलाड़ी आगे चलकर बड़ा नाम कमाएंगी। दरअसल, इडुल्जी ने जिस टीम को देख उम्मीदों के सुर बांधे हैं वो है अंजुमन महिला क्रिकेट टीम।

अंजुमन-ए-इस्लाम मुंबई की 150 साल पुरानी संस्थान है जो सामाजिक सुधार और शिक्षा संबंधी काम करती है। इस संस्थान की शुरुआत साल 1874 में हुई थी और यह इसकी पहली महिला क्रिकेट टीम है। इस बात पर इडुल्जी को गर्व है कि यहां से एक महिला क्रिकेट टीम निकल रही है जिसकी खिलाड़ी दुनिया पर छाने को तैयार हैं। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इडुल्जी ने कहा, "हमें इन युवा लड़कियों से काफी उम्मीदें हैं।"

संस्था ने दिए कई दिग्गज

यह टूर्नामेंट भारत के महान क्रिकेटर सलीम दुर्रानी की याद में आयोजित किया जा रहा है। इस संस्था से वसीम जाफर, गुलाम पार्कर और यशस्वी जायसवाल जैसे क्रिकेटर निकले हैं। अब यहां की महिला क्रिकेट टीम सामने आई है जिसके जरिए जेंडर इक्वलिटी का संदेश देने की कोशिश की गई है।

अंजुम बेगम शरीफा गर्ल्स इंग्लिश स्कूल की प्रिंसिपल फाउजिया अंसारी ने कहा कि शुरुआत में माता-पिता अपनी बच्चियों को क्रिकेट खेलने के लिए भेजने से डरते थे, लेकिन अब वह खुद चलकर आते हैं। उन्होंने कहा, "अब, वह अपील लेकर आते हैं कि हमारी बच्ची को शामिल कर लीजिए।"

प्रिंस विलियम के साथ खेला क्रिकेट

हाल ही में वेल्स के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस मुंबई आए थे और इस दौरान उन्होंने गली क्रिकेट खेला था और इस स्कूल की खिलाड़ी उनके साथ थीं।अंजुमन के वाशी स्थित स्कूल की प्रिंसिपल जुलेखा सिद्दकी ने कहा, "हमारी छात्रा सेहर खोक-हारा उन बच्चों में शामिल थी जिन्होंने प्रिंस विलियम्स, प्रिंसेस केट और सचिन तेंदुलकर के साथ क्रिकेट खेला था। हमें इस बात को लेकर गर्व है।"

संस्था की कोशिश है कि लड़कियों को भी उतने पर्याप्त मौके दिए जाएं जितने लड़कों को मिलते हैं और इसी क्रम में पहली महिला टीम को तैयार किया गया है जो इस ऐतिहासिक संस्था के नाम को और आगे ले जाने का काम करेगी।

Source - jagran.com


Related News