10 सालों से छात्रा लगा रही थी गोरा करने वाली क्रीम, दोनों किडनियां हुई खराब, जांच में हुए चौंका देने वाले खुलासे

हेल्थ

Fairness Cream Side Effects : अक्सर लोग अपने चेहरे को गोरा और साफ दिखाने के लिए तरह-तरह की चीजें चेहरे पर लगाना शुरू कर देते हैं. ऐसी चीजें कई बार न सिर्फ स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि शरीर के अंदरुनी हिस्से को भी नुकसान पहुंचा सकती हैं. हाल ही में केरल से भी ठीक ऐसा ही मामला सामने आया है. खबरों में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, एक 17 वर्षीय छात्रा को किडनी की बीमारी हुई, जब जांच की गई तो पता चला की इसका कारण लंबे समय तक इस्तेमाल की जाने वाली फेयरनेस क्रीम है. मामले के सामने आने के बाद हेल्थ एक्सपर्ट लोगों को बिना डॉक्टरी सलाह इस तरह की क्रीम न लगाने की सलाह दे रहे हैं. यहां जानते हैं पूरा मामला-

दोनों किडनी हो चुकी थी प्रभावित

इस मामले को लेकर डॉक्टर का कहना है कि केरल की इस छात्रा को किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या होने का मामला सामने आया है. जांच में पता चला कि उसकी दोनों किडनियां प्रभावित हो चुकी हैं. बाद में डॉक्टरों ने उसकी लाइफस्टाइल और इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट्स की पड़ताल की. इसी दौरान ये सामने आया कि छात्रा करीब 10 साल से नियमित रूप से फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की सेहत लगातार खराब होने पर उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों को शुरुआती जांच में किडनी से जुड़ी गंभीर समस्या का पता चला. आगे की जांच में उसके शरीर से एल्ब्यूमिन प्रोटीन के रिसाव की पुष्टि हुई. एक्सपर्ट्स का मानना है कि लंबे समय तक कुछ केमिकल्स के संपर्क में रहने से किडनी को नुकसान पहुंच सकता है.

क्रीम का सैंपल जांच के लिए भेजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद संबंधित फेयरनेस क्रीम का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि क्रीम में कौन-कौन से तत्व मौजूद थे और उनका स्वास्थ्य पर क्या प्रभाव पड़ा.

Source - ndtv.in


Related News