नागपुर में दुरंतो एक्सप्रेस पर फिर पथराव, एसी कोच की खिड़की का शीशा टूटा; सभी यात्री सुरक्षित

होम

नागपुर। महाराष्ट्र में दुरंतो एक्सप्रेस एक बार फिर पत्थरबाजी की घटना का शिकार हुई। 23 नवंबर को अजनी रेलवे स्टेशन के आगे मनीष नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके, जिससे खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नागपुर मंडल के पीआरओ ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। ट्रेन ने बिना किसी रुकावट के अपनी यात्रा जारी रखी और वर्धा रेलवे स्टेशन के पास इसकी अस्थायी मरम्मत की गई।

पहले भी घट चुकी है पत्थरबाजी की घटना

नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पहले भी पत्थरबाजी हो चुकी है। 25 सितंबर को नागपुर से मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर बोरखेड़ी रेलवे स्टेशन के पास पत्थरबाजी की घटना हुई थी। इस दौरान ट्रेन के वातानुकूलित डिब्बे पर पत्थर लगे थे।

पत्नी से लड़ाई के बाद व्यक्ति ने फेंके पत्थर

घटना की सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने जांच शुरू कर दी। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जांच करने पर पता चला कि पत्नी से झगड़े के बाद गुस्से में आए व्यक्ति ने चलती दुरंतो ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। इन घटनाओं ने एक बार फिर ट्रेन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Source - jagran.com


Related News