Avengers: Doomsday का फाइनल ट्रेलर रिलीज, कैप्टन अमेरिका की खुशहाल जिंदगी में तूफान बनकर आए डॉ. डूम

मनोरंजन

नई दिल्ली। मार्वल स्टूडियोज ने 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का फाइनल ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में मल्टीवर्स से जुड़े जबरदस्त एक्शन की झलक मिलती है। इसमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर की मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में वापसी हुई है, जो विलेन 'डॉक्टर डूम' का किरदार निभा रहे हैं।

क्या है फाइनल ट्रेलर में?

मार्वल स्टूडियोज के 'एवेंजर्स: डूम्सडे' (Avengers: Doomsday) के आखिरी ट्रेलर में कैप्टन अमेरिका के बेटे की झलक मिलती है और अलग-अलग टाइमलाइन के हीरोज एक साथ आते हैं। इस प्रीव्यू में डॉक्टर डूम का सामना MCU के हीरोज की एक ऐसी टीम से होता है, जिसमें फैंटास्टिक फोर और एक्स-मेन भी शामिल हैं।

आने वाली इस फिल्म में MCU के मुख्य किरदारों के साथ-साथ फॉक्स की 'एक्स-मेन' (X-Men) फिल्मों के कई हीरो भी एक साथ नजर आएंगे, जो आधिकारिक तौर पर मुख्य टाइमलाइन में शामिल हो रहे हैं।

क्या है एवेंजर्स: डूम्सडे की कहानी?

स्टीव रोजर्स, पेगी कार्टर के साथ शांति से रह रहे हैं और उन्होंने अपने बेटे से अपने सुपरहीरो अतीत को छिपा कर रखा है। लेकिन, यह शांति तब टूट जाती है जब डॉक्टर डूम जो अपनी हर प्यारी चीज खो देने के गम में है, रोजर्स परिवार को अपना निशाना बनाता है। ऐसे में, फैंटास्टिक फोर (Fantastic Four) को सामने आना पड़ता है और वे स्टीव को बचाते हैं।

'एवेंजर्स: डूम्सडे' की कास्ट

डाउनी जूनियर (Downey Jr.) के साथ-साथ, कास्ट में स्टीव रोजर्स/कैप्टन अमेरिका के रूप में क्रिस इवांस (Chris Evans), थॉर के रूप में क्रिस हेम्सवर्थ (Chris Hemsworth), एंट-मैन के रूप में पॉल रड, ब्लैक पैंथर के रूप में लेटिशिया राइट, विंटर सोल्जर के रूप में सेबेस्टियन स्टेन, लोकी के रूप में टॉम हिडलेस्टन और शांग-ची के रूप में सिमु लियू शामिल हैं।

सिनेमाघरों में कब रिलीज होगी 'एवेंजर्स: डूम्सडे'?

यह फिल्म 17 दिसंबर, 2026 को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इंटरनेशनल लेवल पर इसे 18 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा।

Source - jagran.com


Related News