IND vs NZ: न्यूजीलैंड के लिए आई बुरी खबर, दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुआ ये गेंदबाज

खेल

नई दिल्ली। अपने घर में भारत की मेजबानी कर रही न्यूजीलैंड के लिए बीता एक महीना काफी बुरा साबित हुआ है। इसका कारण है खिलाड़ियों की चोटें। टी20 सीरीज के बाद वनडे और अब टेस्ट में भी कीवी टीम खिलाड़ियों की चोट से परेशान है। भारत के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले उसका एक और खिलाड़ी चोटिल हो गया है। यह खिलाड़ी दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाएगा।

वेलिंग्टन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। ऐसे में अब सभी की नजरें 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच पर टिकी हैं। जो टीम यह मैच जीतेगी वह सीरीज अपने नाम करेगी।

यह गेंदबाज हुआ बाहर

दूसरे टेस्ट मैच से पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को चोट लग गई है। वह इस चोट के चलते दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, वह पहले टेस्ट मैच में टीम की प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। इस सप्ताह उन्हें वेलिंग्टन में प्रैक्टिस के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हो गई जिसके चलते वह दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। क्राइस्टचर्च में उनकी आगे की जांच होगी ताकि पता चल सके कि उनकी चोट कितनी गंभीर है। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वह कब तक वापसी करेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान जारी कर टिकनेर के बाहर होने की जानकारी दी है।

न्यूजीलैंड ने किया रिप्लेसमेंट का एलान

न्यूजीलैंड ने उनके रिप्लेसमेंट का भी एलान कर दिया है। मैट फिशर को उनकी जगह टीम में चुना गया है। फिशर भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थे। वह क्राइस्टचर्च में टीम के साथ जुडेंगे।

Source - jagran.com


Related News