नदी-नहरों के किनारे उगने वाली घास से बनती है बिहार की मशहूर 'सिक्की आर्ट', इस लोक कला ने बदली मिथिला की तस्वीर
नई दिल्ली। आमतौर पर नदियों या नहरों के किनारे उगी घास को हम फालतू समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि यही घास किसी राज्य की शान बन सकती है?
जी हां, बिहार के मिथिलांचल में ऐसा ही अजूबा होता है। यहां प्राकृतिक रूप से उगने वाली एक खास घास से बेहद खूबसूरत चीजें बनाई जाती हैं, जिसे दुनिया 'सिक्की आर्ट' के नाम से जानती है। आइए जानते हैं इस अद्भुत लोक कला की कहानी।
खेती नहीं, कुदरत का है तोहफा
इस कला में जिस घास का इस्तेमाल होता है, उसे उगाने के लिए कोई मेहनत या खेती नहीं करनी पड़ती। यह नदियों और नहरों के किनारे अपने आप उगती है और करीब तीन से चार फीट तक लंबी होती है। इसे Golden Grass of Bihar भी कहा जाता है। कमाल की बात तो यह है कि इसके तने से जहां आकर्षक सजावटी सामान बनते हैं, वहीं इसकी जड़ों का इस्तेमाल तेल, परफ्यूम और कुछ खास दवाइयां बनाने में किया जाता है।
कहानी की असली हीरो
इस पूरी कला की नींव 'सदाय' समूह की महिलाएं रखती हैं। घास को चुनकर इकट्ठा करने और उसे कारीगरों तक सुरक्षित पहुंचाने का पूरा जिम्मा इन्हीं के कंधों पर होता है। अपनी इसी मेहनत की वजह से ये इलाके में 'सदाय दीदियों' के नाम से मशहूर हैं।
घास से कलाकृति बनने का दिलचस्प सफर
जंगली घास को एक खूबसूरत शोपीस में बदलना इतना आसान नहीं है। इसके लिए इसे एक लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है:
- सबसे पहले मिट्टी की हांडी में पानी उबाला जाता है और उसमें घास डाल दी जाती है।
- जब पानी की भाप पूरी तरह निकल जाती है, तो घास को बाहर निकालकर ठंडे पानी से अच्छे से धोया जाता है।
- इसके बाद इसे तेज धूप में सूखने के लिए रख देते हैं। जब यह सूखकर पूरी तरह कड़क हो जाती है, तब इसे जरूरत के हिसाब से अलग-अलग रंगों में रंगा जाता है।
- रंग को पक्का होने में लगभग एक घंटा लगता है। इसके बाद ही कारीगर अपनी जादुई उंगलियों से इसे नया आकार देते हैं।
बनती हैं एक से बढ़कर एक चीजें
कारीगर इस सूखी घास से वॉल हैंगिंग, वॉल प्लेट्स, खूबसूरत टेबल लैंप, कोस्टर, डलिया, बच्चों के खिलौने, गुड़िया और गमले जैसी लाजवाब चीजें बनाते हैं। आजकल लोग शादियों या खास मौकों पर इन्हें तोहफे के रूप में देना बहुत पसंद करते हैं।
उम्र के साथ बढ़ती है चमक
सिक्की आर्ट की सबसे हैरान करने वाली खूबी यह है कि ये चीजें पुरानी होने पर भद्दी नहीं लगतीं। बल्कि, समय बीतने के साथ-साथ इनकी चमक और ज्यादा निखरती जाती है। सालों बाद भी ये एकदम नई जैसी ही दिखती हैं।
विदेशों तक फैली मिथिलांचल की खुशबू
आज सिक्की आर्ट की पहुंच सिर्फ बिहार या भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी लोग इसके दीवाने हो रहे हैं। इस कला की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग ने स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार के नए दरवाजे खोल दिए हैं। मिथिलांचल की यह सुनहरी घास आज सिर्फ घरों को ही नहीं सजा रही, बल्कि देश की तरक्की में भी अपना अहम योगदान दे रही है।
Source - jagran.com


