डरावने हादसे और गहरे सदमे दिमाग पर छोड़ जाते हैं गहरे निशान! PTSD पर नई रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा
नई दिल्ली। नए अध्ययनों से पता चला है कि पोस्ट ट्रामेटिक स्ट्रेस डिसआर्डर (पीटीएसडी) मस्तिष्क में केवल सामान्य तनाव नहीं, बल्कि विशिष्ट आणविक, कोशिकीय और संरचनात्मक बदलाव पैदा करता है। इस दौरान डीएनए मिथाइलेशन एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो डिमर स्विच की तरह जीन की सक्रियता कम या पूरी तरह बंद कर सकती है। पीटीएसडी से जुड़े जीनों में मस्तिष्क के अलग-अलग क्षेत्रों में अपेक्षा से अधिक भिन्न होता है।
तनाव और आघात मस्तिष्क में आणविक निशान छोड़ सकते हैं। ये निशान पोस्ट ट्रामेटिक स्ट्रेस डिसआर्डर (पीटीएसडी) को समझने में मदद कर सकते हैं। यह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा विकार है, जिसमें व्यक्ति किसी भयावह या जानलेवा घटना के फ्लैशबैक या बुरे सपने अनुभव करता है।
आणविक बदलाव कई कारकों पर निर्भर
यह अध्ययन ‘सेल रिपोर्ट्स’ पत्रिका में प्रकाशित हुआ। इसमें पाया गया कि पीटीएसडी से प्रभावित लोगों में आणविक भिन्नताओं के पीछे कई कारक हो सकते हैं। इनमें व्यक्ति का लिंग और नस्ल के साथ ही यह बात शामिल है कि आघात का सामना बचपन में हुआ या बड़े होने पर।
अमेरिका के टेक्सास विश्वविद्यालय के संपर्क लेखक फ्रांसेस शैम्पेन ने कहा कि हमारा शोध इस सवाल का जवाब तलाशता है कि पीटीएसडी से प्रभावित मस्तिष्क में वास्तव में क्या अलग होता है?” शैम्पेन ने कहा, अध्ययन में पाया गया कि पीटीएसडी से पीड़ितों के मस्तिष्क के अलग-अलग क्षेत्रों में डीएनए मिथाइलेशन के स्वरूपों में प्रमुख अवसादग्रस्तता विकार से पीड़ित लोगों की तुलना में अधिक भिन्नता थी। इसमें पीटीएसडी से पीड़ित लोगों के बीच भी काफी अंतर सामने आया।” शोधकर्ताओं ने कहा कि इन निष्कर्षों से भविष्य में पीटीएसडी से पीड़ितों के लिए अधिक व्यक्तिगत उपचार विकल्पों का रास्ता खुल सकता है।
शोधकर्ताओं ने 302 लोगों के मरणोपरांत मस्तिष्कों में मिथाइलेशन की विस्तृत प्रोफाइलिंग की। इनमें 101 लोग पीटीएसडी से पीड़ित थे, 100 को कोई मनोरोग संबंधी विकार नहीं था और 101 लोग प्रमुख अवसादग्रस्तता विकार से पीड़ित थे।
तीन अलग-अलग क्षेत्रों का विश्लेषण
हर नमूने में मस्तिष्क के तीन अलग-अलग क्षेत्रों का विश्लेषण किया गया: प्रीफ्रंटल कार्टेक्स, जो निर्णय लेने सहित उच्चस्तरीय कार्यों में शामिल है; अमिग्डाला, जो मस्तिष्क का भावनात्मक केंद्र है और हिप्पोकैंपस, जो स्मृति का प्रबंधन करता है।
अध्ययन में पीटीएसडी से जुड़े मस्तिष्क के बदलावों का पता चला। इनमें पीटीएसडी से पीड़ित लोगों के अमिग्डाला में ओलिगोडेंड्रोसाइट्स की अपेक्षाकृत कम संख्या शामिल थी। ये कोशिकाएं न्यूरानों के चारों ओर सुरक्षात्मक आवरण बनाती हैं। यह कमी खास तौर पर उन लोगों में देखी गई, जिन्होंने वयस्कता में आघात का सामना किया था।
डीएनए मिथाइलेशन में अधिक स्पष्ट अंतर पाया गया
पीटीएसडी का संबंध प्रीफ्रंटल कार्टेक्स में डीएनए मिथाइलेशन के अधिक स्पष्ट अंतर से भी पाया गया, जबकि प्रमुख अवसादग्रस्तता विकार का संबंध अमिग्डाला में मिथाइलेशन के अंतर से था।
ये आणविक स्वरूप मस्तिष्क में अलग-अलग प्रकार की कोशिकाओं की संरचना में अंतर से जुड़े थे। मरणोपरांत मस्तिष्क ऊतक का विश्लेषण करने के कारण शोधकर्ता यह पुष्टि नहीं कर सके कि मिथाइलेशन के इन अंतरों ने पीटीएसडी में योगदान दिया। लेखकों ने कहा कि उनके पास प्रत्येक व्यक्ति के लक्षणों के प्रकार और गंभीरता की जानकारी नहीं थी, जो निदान के व्यक्तिगत तरीके विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण होती है।
Source - jagran.com


