घर में पाले 15 लावारिस कुत्ते, सात ने किया बच्ची पर कर दिया हमला... कई जगह काटा

होम

रुड़की। न्यू नेहरू नगर में एक व्यक्ति ने अपने घर में 12 लावारिस कुत्ते पाल लिये। जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। इनमें से सात लावारिस कुत्तों ने पड़ोस में रहने वाली बच्ची पर हमला कर उसे काट लिया।

किसी तरह से आसपास के लोगों ने उसकी जान बचाई। जब बच्ची की मां ने विरोध किया तो अभद्रता करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की जांच की है।

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के न्यू नेहरू नगर निवासी गौरव ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि गली में रहने वाले एक परिवार ने अपने घर में करीब 12 लावारिस कुत्ते पाल रखे हैं। इन कुत्तों से गली में काफी गंदगी हो रही है। कई बार उनके परिवार वालों को कुत्ता दौड़ा चुका है। जिसकी शिकायत उन्होंने पूर्व में नगर निगम से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सात लावारिस कुत्तों ने उनकी बेटी पर किया हमला

आरोप लगाया कि दो दिन पहले पाले गये सात लावारिस कुत्तों ने उनकी बेटी पर हमला कर दिया। बेटी वहां से भगी तो कुत्तों ने उसे कई जगह से काट लिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह से बच्ची की जान बचाई। बच्ची के शरीर कई जगह कुत्ते के नाखून एवं दांत के निशान है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची घर पर है। उसकी हालत सामान्य है।

जब घटना के बाद उनकी पत्नी ने कुत्ते पालने वाले परिवार से इसका विरोध किया तो आरोपितों ने महिला से अभद्रता कर उसे जान से मारने की धमकी दे दी। जिससे पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को उप निरीक्षक जाकिर ने मौके पर जाकर घटना की जांच की। साथ ही पीड़ित परिवार को जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं आरोपित दुकान करता है।

किसी का भी नहीं है वैक्शीनेशन, ना ही पंजीकरण

रुड़की: रुड़की नगर निगम में अभी कुत्तों के पंजीकरण को लेकर नियम बनाने की प्रक्रिया चल रही है। अभी पंजीकरण नहीं है। इसके अलावा लावारिस कुत्ते होने की वजह से किसी का भी वैक्सीनेशन नहीं किया गया है। इस मामले में सीएम हेल्प लाइन पर भी शिकायत की गई थी। इसके बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में उप निरीक्षक ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की थी। वीडियोग्राफी की गई है। मंगलवार को दोनों ही पक्षों को कोतवाली में बुलाया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन माह में आ चुके करीब 5500 मामले

रुड़की: रुड़की सिविल अस्पताल के इंजेक्शन रूम में दर्ज आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो तीन माह के दौरान कुत्ते काटे की 55 सौ से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। एक दिन में करीब 70 से 80 मरीजों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया जाता है।

बेहद धीमी गति से हो रहा बधियाकरण

रुड़की: रुड़की नगर निगम की ओर से एबीसी सेंटर को चालू कर दिया गया हैं लेकिन लावारिस कुत्तों के बधियाकरण की गति बेहद धीमी है। अभी भी शहर के कई इलाकों में तो टीम तक नहीं पहुंची है। सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर ने बताया कि अब तक 3675 लावरिस कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है।

 

Source - jagran.com


Related News