Jennifer Barreto के सिर सजा Miss Universe का 3,150 हीरों से जड़ा ताज, लीडरशिप वाले एक जवाब ने पलटा पूरा खेल

लाइफस्टाइल

नई दिल्ली। ग्लैमर, कॉन्फिडेंस और हाई-वोल्टेज ड्रामा के बीच आखिरकार दुनिया को अपनी नई मिस यूनिवर्स मिल गई है। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने इस साल का खिताब अपने नाम कर लिया है (Miss Universe 2026 Winner)। सैन जुआन के जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में हुए ग्रैंड फिनाले में मैक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को यह ताज पहनाया।

यह मुकाबला काफी कड़ा रहा। डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं, तो वहीं वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएत्ज ने सेकंड रनर-अप की कुर्सी पक्की की। टॉप-5 की रेस में इन तीनों देशों के अलावा फिलीपींस और न्यूजीलैंड की सुंदरियों ने भी जबरदस्त टक्कर दी।

वो एक जवाब, जिसने जेनिफर को बना दिया विनर

फिनाले के आखिरी पड़ाव पर टॉप-5 कंटेस्टेंट्स से एक ही सवाल पूछा गया- "आज के दौर में दुनिया को अपने लीडर्स से सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है?"

जेनिफर ने बिना किसी झिझक के बेहद मैच्योर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया को ऐसे लीडर्स चाहिए जो प्रोफेशनल होने के साथ-साथ दूसरों का दर्द और भावनाएं समझ सकें। हम ऐसे समाज में हैं जहां लोग बात-बात पर दूसरों को जज करते हैं और सवाल उठाते हैं, लेकिन एक असली लीडर वही है जो अपने उसूलों पर टिका रहे, खुद मिसाल बने और दूसरों के लिए स्तर को और ऊंचा करे।

ताज जीतने के बाद जेनिफर का फोकस ऐसे नेटवर्क बनाने पर है, जो लोगों और समुदायों की असली जरूरतों को पूरा करें। उनका साफ मानना है कि अगर लीडर्स अपने लोगों की बात सुनकर प्लानिंग करें, तो बहुत बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

कड़े राउंड्स, हाई प्रेशर और 3,150 हीरों वाला ताज

इस साल मिस यूनिवर्स का 75वां यानी 'डायमंड एडिशन' था। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए एक नया और शानदार ताज लॉन्च किया गया, जिसका नाम 'द रेडियंस ऑफ एन इटरनल लिगेसी' रखा गया। 3,150 हीरों से सजे इस ताज को प्रतियोगिता के 75 साल के सफर, इसके अतीत, आज और आने वाले कल को सेलिब्रेट करने के लिए बनाया गया है।

पूरे इवेंट के दौरान कंटेस्टेंट्स ने बीच रनवे, स्विमसूट राउंड, पर्सनल इंटरव्यू और नेशनल कॉस्ट्यूम जैसे कई मुश्किल राउंड्स में दबाव के बीच भी अपना बेस्ट दिया।

15 देशों ने बीच में ही छोड़ा मैदान

इस बार 130 से ज्यादा देशों के साथ शो की शुरुआत हुई थी, लेकिन अलग-अलग वजहों से 15 देश इससे बाहर हो गए:

  • सेहत और निजी वजहें: ऑस्ट्रिया की विक्टोरिया एमर्सन ने अपनी मेंटल और फिजिकल हेल्थ को प्राथमिकता देते हुए शो छोड़ दिया। बुल्गारिया की एना-मारिया एक कार एक्सीडेंट के कारण बाहर हो गईं, जबकि सेंट मार्टिन की मैडली मैरियन ने निजी कारणों से नाम वापस ले लिया।
  • फ्रैंचाइजी विवाद: कॉर्पोरेट और फ्रैंचाइजी से जुड़े झगड़ों की वजह से थाईलैंड, इंडोनेशिया, वियतनाम, लाओस, सिंगापुर और मलेशिया इस एडिशन का हिस्सा नहीं बन पाए।
  • वीजा का पेंच: नेपाल, अंगोला, जाम्बिया, जिम्बाब्वे और रिपब्लिक ऑफ कांगो की प्रतिभागियों को वीजा की दिक्कतों और अमेरिकी वीजा प्रतिबंधों के कारण बाहर बैठना पड़ा।

हूटिंग और गंभीर आरोपों से भी घिरा रहा शो

इस बार का मिस यूनिवर्स सिर्फ चमक-दमक तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि विवादों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। फिनाले से ठीक पहले पूर्व मिस मिशिगन यूएसए टेलर हेल ने 'पीपल' मैगजीन से बातचीत में ऑर्गनाइजेशन पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मिस यूएसए तो अब पहले से बेहतर हो गया है, लेकिन वहां की विनर को आखिरकार मिस यूनिवर्स ही जाना पड़ता है। टेलर ने साफ शब्दों में इसे एक 'अनहेल्दी ऑर्गनाइजेशन' बताया और आरोप लगाया कि यहां न तो सही लीडरशिप है और न ही महिलाएं सुरक्षित हैं।

दूसरी तरफ, नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब मिस यूनिवर्स इजरायल डेनिएल याब्लोंका स्टेज पर आईं। उन्होंने सुनहरे रंग की ड्रेस पहनी थी, जिस पर यरुशलम के पुराने शहर की झलक थी और अंग्रेजी, अरबी व हिब्रू में 'शांति' लिखा था। इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष के बीच इस ड्रेस को देखकर दर्शकों ने उनकी हूटिंग शुरू कर दी और सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उनके इस मैसेज पर जमकर सवाल उठाए।

खैर, तमाम विवादों और रोमांच के बीच प्यूर्टो रिको में 75वां सीजन खत्म हो चुका है। अब सबकी निगाहें अगले यानी 76वें मिस यूनिवर्स पर हैं, जिसकी मेजबानी वियतनाम करने वाला है।

Source - jagran.com


Related News