यूं ही मत फेंकिए मूली के पत्ते! बाजरा-मक्का की रोटी संग लाजवाब लगती है इनसे बनी चटपटी चटनी, बनाना भी है आसान

लाइफस्टाइल

नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी और हरी-भरी मूली मिलने लगती है। अक्सर हम मूली का इस्तेमाल सलाद या पराठे बनाने में कर लेते हैं, लेकिन उसके पत्तों को बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं। अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो अगली बार मूली के पत्तों को फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचिएगा।

असल में, ये हरे पत्ते न सिर्फ सेहत का खजाना हैं, बल्कि इनसे एक ऐसी चटपटी और स्वादिष्ट चटनी बनती है जो आपके खाने का जायका दोगुना कर देगी। खासकर ठंड के दिनों में गरमा-गरम बाजरे या मक्के की रोटी के साथ इस चटनी का स्वाद किसी भी शाही पकवान से कम नहीं लगता।

सेहत के लिए भी है फायदेमंद

मूली के पत्तों में मूली से भी ज्यादा पोषक तत्व होते हैं। इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर, आयरन और विटामिन-सी पाया जाता है, जो पाचन को दुरुस्त रखने और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है। ऐसे में इसकी चटनी स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प है।

चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • मूली के ताजे और नरम पत्ते: 1 कप (अच्छी तरह धोकर बारीक कटे हुए)
  • हरा धनिया: आधा कप
  • लहसुन की कलियां: 5 से 6
  • हरी मिर्च: 2 से 3 (स्वादानुसार)
  • अदरक: 1 छोटा टुकड़ा
  • भुना जीरा: आधा छोटा चम्मच
  • नींबू का रस: 1 बड़ा चम्मच (या आधा चम्मच अमचूर पाउडर)
  • नमक: स्वादानुसार (काला और सादा नमक मिलाकर)
  • सरसों का तेल: 1 छोटा चम्मच (स्वाद बढ़ाने के लिए)

चटनी बनाने की आसान विधि

  • सबसे पहले मूली के पत्तों के मोटे डंठल हटा दें और केवल नरम पत्तों को चुन लें। इन्हें साफ पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें ताकि सारी मिट्टी निकल जाए।
  • अब एक मिक्सर जार में कटे हुए मूली के पत्ते, हरा धनिया, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें।
  • इसके बाद इसमें भुना जीरा, सादा नमक, काला नमक और थोड़ा-सा पानी (लगभग 2 चम्मच) मिलाकर बारीक पीस लें। अगर आपके पास सिलबट्टा है, तो उस पर पीसने से चटनी का स्वाद और भी निखर कर आएगा।
  • चटनी पिस जाने के बाद इसे एक कटोरी में निकाल लें। अब इसमें नींबू का रस और एक छोटा चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिला दें।
  • आपकी तीखी और चटपटी मूली के पत्तों की चटनी तैयार है। इसे गरमा-गरम मक्के या बाजरे की रोटी पर देसी घी या सफेद मक्खन लगाकर परोसें। एक बार इसका स्वाद चखने के बाद आप दोबारा कभी मूली के पत्ते फेंकने की गलती नहीं करेंगे।

 

Source - jagran.com


Related News