iPhone का AirDrop कैसे बड़ी-बड़ी फाइल्स कुछ मिनटों में भेज देता है? जानिए इसके पीछे की टेक्नोलॉजी
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। ऐसा देखा गया है कि एप्पल के iPhone में मिलने वाला AirDrop फीचर बड़ी-बड़ी फाइल्स शेयर करना काफी ज्यादा आसान बना देता है। इसकी हेल्प से यूजर्स फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट और दूसरी फाइल्स को कुछ ही मिनटों में किसी भी दूसरे iPhone, iPad या Mac पर सेंड कर सकते हैं। खास बात ये है कि इसके लिए न तो मोबाइल डेटा ऑन रखने की जरूरत है और न ही इसके लिए Wifi कनेक्शन की जरूरत है। ऐसे में सवाल ये है कि फिर AirDrop इतनी तेजी से फाइल्स कैसे ट्रांसफर करता है?
दरअसल, AirDrop के इतनी फास्ट काम करने के पीछे एप्पल की खास वायरलेस टेक्नोलॉजी है। इसमें न सिर्फ ब्लूटूथ का इस्तेमाल होता है बल्कि ये टेक्नोलॉजी Wi-Fi का भी यूज करती है। दोनों टेक्नोलॉजी मिलकर फाइल ट्रांसफर प्रोसेस को आसान और फास्ट बनाती हैं। चलिए पहले जानते हैं कि AirDrop कैसे काम करता है ।
कैसे काम करता है AirDrop?
इसे आसान शब्दों में स्मझें तो जब आप अपने iPhone में AirDrop को ऑन करते हैं, तो सबसे पहले ये ब्लूटूथ की हेल्प से आसपास मौजूद एप्पल डिवाइस को सर्च करता है। ब्लूटूथ का काम दोनों डिवाइस के बीच कनेक्शन सेट करने का और एक-दूसरे की पहचान करने में हेल्प करने का होता है।
फाइल ट्रांसफर करने के लिए इसके बाद AirDrop Wi-Fi का यूज करता है। ये Wi-Fi Direct जैसी पीयर-टू-पीयर वायरलेस टेक्नोलॉजी के जरिए दोनों डिवाइस के बीच सीधा कनेक्शन बना लेता है। ऐसा करने से फाइल को किसी इंटरनेट सर्वर पर भी अपलोड नहीं करना पड़ता और डेटा सीधे एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर चला जाता है।
इंटरनेट के बिना हो जाती है फाइल शेयरिंग
AirDrop की सबसे खास बात यही है कि इससे आप फाइल ट्रांसफर बिना किसी मोबाइल नेटवर्क या किसी बाहरी Wi-Fi राउटर के बिना भी कर सकते हैं। इस टेक्नोलॉजी में दोनों डिवाइस के बीच सीधा वायरलेस कनेक्शन बन जाता है। यही कारण है कि इंटरनेट उपलब्ध न होने पर भी फाइल शेयरिंग हो जाती है।
Source - jagran.com


