चावल के बढ़ते दाम को रोकने के लिए निर्यात पर 20% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट पर भी लगेगा बैन?

व्यवसाय

नई दिल्ली| चावल की घरेलू कीमत में बढ़ोतरी को रोकने और सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार नया प्लान कर रही है। भारत सरकार चावल की कुछ किस्मों के निर्यात पर करीब 20 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ाना और उपभोक्ताओं के साथ उद्योगों को कीमतों में बढ़ोतरी से राहत देना है।

प्रस्तावित शुल्क मुख्य रूप से 100 प्रतिशत टूटे चावल (Broken Rice) और गैर-बासमती चावल की कुछ प्रीमियम किस्मों पर लगाया जा सकता है। दक्षिण भारत के राज्यों में इन किस्मों की उपलब्धता कम होने के कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। एक सरकारी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि सरकार संबंधित मंत्रालयों के साथ निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के विकल्पों पर भी चर्चा कर रही है। इस संबंध में अंतिम फैसला बातचीत पूरी होने के बाद लिया जाएगा।

पशु आहार उद्योग पर बड़ा असर

टूटे चावल के भाव में तेज बढ़ोतरी से पोल्ट्री और पशु आहार बनाने वाले उद्योग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इन उद्योगों ने सरकार से चावल के निर्यात पर रोक लगाने की मांग की है। क्योंकि टूटे चावल का इस्तेमाल मुर्गियों और पशुओं के चारे में बड़े पैमाने पर होता है।

भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक देश है। ऐसे में भारतीय चावल के निर्यात पर शुल्क लगाने से थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार जैसे प्रतिस्पर्धी देशों को फायदा मिल सकता है। ये देश अब तक भारत की तुलना में ऊंची कीमतों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

चावल का सरकारी स्टॉक रिकॉर्ड स्तर पर

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ प्रीमियम गैर-बासमती चावल की कीमतें बढ़ी हैं, जबकि दूसरी किस्मों के दाम में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित एक चावल निर्यातक ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि घरेलू बाजार में चावल की कुल उपलब्धता मांग के मुकाबले पर्याप्त है। उनके मुताबिक, कुछ खास किस्मों की कीमतें बढ़ने के बावजूद निर्यात पर रोक लगाने की जरूरत नहीं है।

1 नवंबर तक भारत के सरकारी भंडार में धान और चावल मिलाकर कुल 5.53 करोड़ मीट्रिक टन स्टॉक था। यह सरकार के निर्धारित बफर स्टॉक लक्ष्य से करीब चार गुना अधिक है। एक्सपोर्टर ने आगे कहा कि चावल का निर्यात जारी रहना चाहिए, क्योंकि इससे नई फसल की आवक के लिए गोदामों में जगह खाली करने में मदद मिलेगी। उनके मुताबिक, निर्यात रोकने से भंडारण की समस्या भी बढ़ सकती है।

Source - jagran.com


Related News