'अखिलेश मुख्यमंत्री बनें, लेकिन 100 से कम सीटों पर समझौता नहीं'; यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस की दो टूक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सीट बंटवारे की बातचीत के बीच सपा द्वारा पांच उम्मीदवारों (जिनमें चार मौजूदा विधायक शामिल हैं) की घोषणा किए जाने से सहयोगी दलों में तनातनी बढ़ गई है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस कदम पर सवाल उठाते हुए सपा के रुख पर निशाना साधा है, वहीं कांग्रेस ने गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ करते हुए कहा है कि वह अखिलेश यादव को यूपी के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है, लेकिन सीट शेयरिंग में 100 से कम सीटों पर समझौता नहीं करेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि लड़ाई भाजपा को सत्ता से हटाने की है। सपा गठबंधन धर्म नहीं निभा रही। गठबंधन में सहयोगी होता है, भिखारी नहीं। गठबंधन में प्रत्याशियों की साझा सूची जारी होती है, एकल नहीं। सपा को यह बताना चाहिए कि उसे भाजपा से लड़ना है या फिर कांग्रेस से।
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच दो दौर की वार्ता होने के बाद भी सपा अभी तक कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटें ही देने पर सहमत हुई है। इनमें से भी 22 सीटों पर भाजपा की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। 26 सीटों पर गठबंधन करने को लेकर कांग्रेस नेता एकमत नहीं है।
सहारनपुर से जागरण संवाददाता के अनुसार घोषणा के बाद नाराज हुए कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा चाहे तो 403 प्रत्याशियों की सूची जारी करे, लेकिन गठबंधन के प्रति ईमानदारी दिखानी चाहिए। एक तरफ अच्छी बातचीत चल रही है, दूसरी तरफ सपा सूची जारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि हम गठबंधन के प्रति गंभीर हैं। सपा को भी गंभीरता दिखानी चाहिए। इमरान ने कहा कि वे भी 403 प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकते हैं, पर पार्टी जो निर्धारित करेगी, वहीं किया जाएगा।
Source - jagran.com


