IPL Auction से पहले भारतीय क्रिकेटर ने लिया संन्यास, जनवरी में खेला था आखिरी मैच
नई दिल्ली। आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर को गोवा है। आईपीएल ऑक्शन से पहले 32 साल के भारतीय क्रिकेटर ने संन्यास की घोषणा की है। तमिलनाडु के क्रिकेटर बाबा अपराजित ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। बुधवार को इंस्टाग्राम पर उन्होंने इसकी घोषणा की।
बाबा अपराजित ने इस साल की शुरुआत में अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेला था। वह आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के अलावा भारत की अंडर-19 और भारत ए टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया इमोशनल पोस्ट
बाबा अपराजित ने इंस्टाग्राम पर संन्यास की घोषणा करते लिखा, मैंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास क्रिकेट मैच 24 जनवरी 2026 को खेला, और इसके साथ ही आधिकारिक तौर पर मेरे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट करियर का समापन हो गया. उन्होंने आगे लिखा, जब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो यह एक शानदार सफर रहा है, जो अनुभवों, चुनौतियों, सीख, दोस्ती और ऐसी यादों से भरा है, जिन्हें मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा.
उन्होंने लिखा, तमिलनाडु, इंडिया अंडर-19, इंडिया ए, केरल, चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, TNPL फ्रेंचाइजी और अपनी क्लब टीमों का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात रही है. मैं उन कई टीमों और ड्रेसिंग रूम्स का हिस्सा रहा हूं, जिन्होंने मेरे इस सफर को आकार दिया है, हर अनुभव ने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान, दोनों ही रूपों में ढालने में अहम भूमिका निभाई है। अपने पूरे करियर के दौरान मिले मौकों और समर्थन के लिए मैं BCCI, TNCA और KCA का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।
मैं अपनी पत्नी, माता-पिता, भाई, पूरे परिवार, और अपने सभी दोस्तों व शुभचिंतकों का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने इस पूरे सफर में मुझे बिना शर्त समर्थन दिया, कई बलिदान दिए और मुझ पर भरोसा बनाए रखा। मैं अपने कोचों, सपोर्ट स्टाफ और साथियों का भी आभारी हूं, जो इस सफर का एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं। खेल के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा की तरह मजबूत बना रहेगा। मैं इन सालों में हासिल किए गए ज्ञान, अनुभवों और सीख को अपने साथ आगे ले जाना चाहता हूं, मैं लगातार सीखते रहने, योगदान देने और आने वाले सालों में खेल पर एक सार्थक प्रभाव डालने की उम्मीद करता हूं।
बाबा अपराजित का क्रिकेट करियर
बाबा अपराजित ने साल 2011 में तमिलनाडु के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने जनवरी 2026 में केरल के खिलाफ अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेला। उन्होंने 102 फर्स्ट क्लास, 114 लिस्ट ए और 63 टी-20 मैच खेले हैं। 102 फर्स्ट क्लास मैच में उनके नाम 5199 रन है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 12 शतक और 27 अर्धशतक है। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 75 विकेट भी चटकाए हैं। बाबा अपराजित आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स और चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे। हालांकि उन्हें आईपीएल डेब्यू का मौका नहीं मिल सका। वह 2012 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य थे।
Source - jagran.com


