'हमें बहाने खोजने की जगह', टॉम लैथम ने लिया यू टर्न; शुभमन गिल को दिया जवाब

खेल

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार (27 नवंबर) से खेला जाना है। पहले टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पिच और कूकाबुरा गेंद की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। इसके अलावा गिल ने सलाइवा के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को हटाने की बात भी कही थी। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने भी गिल के बयान से सहमति जताई थी। हालांकि दूसरे टेस्ट से पहले टॉम लैथम ने अपने बयान से यू- टर्न ले लिया है।

पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा था कि दोनों ही तरह की गेंदें (ड्यूक्स और कूकाबुरा) शुरुआती 25-30 ओवरों के बाद नरम हो जाती हैं, जिससे उनका असर कम हो जाता है।

दूसरे टेस्ट से पहले टॉम लैथम ने कहा, क्रिकेट गेंदों ( ड्यूक्स हो या कूकाबुरा) का खराब होना काफी हद तक पिच की प्रकृति पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बहाने खोजने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना चाहिए।

पिच ही तय करती है कि गेंद कैसा बर्ताव करेगी: टॉम लैथम

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कहा, पिच ही तय करती है कि गेंद कैसा बर्ताव करेगी। उन्होंने कहा कि अगर पिच थोड़ी सपाट है या थोड़ी खुरदरी है, तो गेंद जल्दी खराब हो सकती है। हम हमेशा परिस्थितियों के अनुसार ढलने की कोशिश करते हैं और यह पता लगाने की कोशिश करते हैं कि गेंद को अच्छी स्थिति में बनाए रखने के लिए सबसे अच्छा तरीका क्या हो सकता है।

हमें ही तरीका निकालना होगा: टॉम लैथम

टॉम लैथम ने कहा कि कभी-कभी गेंदें बहुत अच्छी हो सकती हैं, तो कभी-कभी शायद उतनी अच्छी न हों और जल्दी खराब हो जाएं। आपके पास जो भी गेंद है, आपको उसी से खेलना आना चाहिए। चाहे वह अच्छी हालत में हो या न हो, आपको कोई न कोई तरीका निकालना ही होगा।

बुमराह की चुनौती पर क्या बोले लैथम ?

न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा कि जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से चुनौतियां पेश करते हैं, चाहे वह नई गेंद से हो या पुरानी गेंद से। उनकी गेंदबाजी शैली अनूठी है और वह अन्य गेंदबाजों की तुलना में गेंद को बल्लेबाज के थोड़ा अधिक करीब फेंकते हैं। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण उस गेंद को खेलने के लिए खुद को तैयार रखना है जो सबसे खतरनाक साबित हो सकती है, हो सकता है कि कुछ खिलाड़ियों के खेलने का तरीका मेरे से बिल्कुल अलग हो। मुझे लगता है कि अगर आज मैं इस मुकाम पर हूं तो इसका कारण यही है कि मैं जो कर रहा हूं उसको लेकर पूरी तरह स्पष्ट हूं।

 

Source - jagran.com


Related News