देश में आधी से ज्यादा महिलाएं एनीमिया की शिकार, दो-तिहाई टीनएजर्स में विटामिन-B12 की कमी; ICMR सर्वे ने चौंकाया

हेल्थ

नई दिल्ली। देश के 183 जिलों में जब 1.7 लाख से ज्यादा ब्लड सैंपल्स की जांच हुई, तो जो सच सामने आया, वह वाकई चौंकाने वाला है। अक्सर यही माना जाता है कि भारत में न्यूट्रिशन की सबसे बड़ी दिक्कत सिर्फ आयरन की कमी है, लेकिन इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के नए नेशनल सर्वे ने पूरी तस्वीर ही बदल दी है।

इस सर्वे के मुताबिक, भारत में 15 से 49 साल की आधे से ज्यादा महिलाएं एनीमिया से जूझ रही हैं। और अगर आपको लगता है कि यह चुनौती यहीं तक सीमित है, तो अगला आंकड़ा आपको और हैरान कर देगा।

जी हां, देश के करीब दो-तिहाई टीनएजर्स विटामिन B12 की कमी का शिकार हैं। इससे साफ है कि भारत के सामने पोषण से जुड़ी यह मुसीबत सिर्फ आयरन की कमी से कहीं ज्यादा बड़ी है।

टीनएजर्स और युवाओं में विटामिन B12 की भारी कमी

इस रिपोर्ट का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा टीनएजर्स से जुड़ा है। विटामिन B12 की कमी सबसे ज्यादा इसी उम्र के लोगों में देखी गई है। आंकड़ों के मुताबिक, 66.1% किशोर लड़कों और 65.4% किशोर लड़कियों में विटामिन B12 का लेवल कम पाया गया।

यह समस्या सिर्फ टीनएजर्स तक ही सीमित नहीं है। 20 से 59 साल के 60.4% पुरुष और 15 से 49 साल की 57.4% महिलाएं भी इसकी चपेट में हैं। इसके अलावा, 63.1% प्रेग्नेंट महिलाओं और बच्चे को दूध पिलाने वाली 51.8% मांओं में भी विटामिन B12 की कमी दर्ज की गई है।

महिलाओं से लेकर बच्चों तक का हाल

ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन के 'संपदा' सर्वे (2023-25) के अनुसार, 15 से 49 साल की जो महिलाएं न तो प्रेग्नेंट हैं और न ही बच्चे को दूध पिला रही हैं, उनमें से 55.9% एनीमिया से पीड़ित हैं।

राज्यों के हिसाब से देखें तो हालात में काफी अंतर है। अंडमान और निकोबार में यह समस्या सबसे गंभीर है, जहां इस ग्रुप की 81.2% महिलाएं एनीमिया का शिकार हैं।

देश के बाकी एज ग्रुप्स में एनीमिया का असर कुछ ऐसा रहा:

  • बच्चे को दूध पिलाने वाली महिलाएं: 58.1%
  • 10 से 19 साल की लड़कियां: 46.3%
  • प्रेग्नेंट महिलाएं: 43.6%
  • 12 से 59 महीने के छोटे बच्चे: 41.8%
  • 5 से 9 साल के बच्चे: 31.3%
  • 10 से 19 साल के लड़के: 22.8%
  • 20 से 59 साल के पुरुष: 22%

क्या हर एनीमिया की वजह सिर्फ आयरन की कमी है?

सर्वे ने एक बड़ी गलतफहमी को भी दूर किया है। 10 से 19 साल की लड़कियों (46.3%) और 15 से 49 साल की महिलाओं (55.9%) में एनीमिया के इतने ज्यादा मामले होने के बावजूद, इनमें से सिर्फ 27% मामलों में ही एनीमिया के साथ आयरन की कमी पाई गई।

हालांकि, अलग से देखा जाए तो आयरन की कमी अब भी काफी लोगों में है। 36.3% किशोर लड़कियों, 15 से 49 साल की 34.1% महिलाओं, 29.6% प्रेग्नेंट महिलाओं और 12 से 59 महीने के 23% बच्चों में आयरन की कमी मिली। किशोर लड़कों में यह आंकड़ा 10% रहा।

बता दें, हर एनीमिया के पीछे आयरन, विटामिन B12 या फोलेट की कमी नहीं होती। थैलेसीमिया, सिकल सेल डिजीज, एप्लास्टिक एनीमिया, क्रोनिक किडनी डिजीज, टीबी और कैंसर जैसी बीमारियां भी एनीमिया की वजह बन सकती हैं। इसलिए, ऐसे मरीजों को सिर्फ आयरन सप्लीमेंट्स देने से कोई फायदा नहीं होता है।

क्यों इतना जरूरी है यह सर्वे

इस साल की शुरुआत में जब NFHS-6 के फैक्ट शीट्स जारी हुए थे, तो उसमें एनीमिया के आंकड़े नहीं थे। तब सरकार ने बताया था कि इसके लिए ICMR एक अलग सर्वे करेगा, जिसमें नसों से खून के सैंपल लेकर जांच की जाएगी। अब इस सर्वे ने उसी खाली जगह को भरा है।

इससे पहले NFHS-5 में 15 से 49 साल की 57% महिलाओं में एनीमिया पाया गया था। हालांकि, इन दोनों रिपोर्ट्स की सीधी तुलना नहीं की जा सकती, क्योंकि दोनों में जांच के तरीके और शामिल किए गए महिलाओं के ग्रुप्स अलग-अलग थे।

इस बड़े नेशनल सर्वे में 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों को कवर किया गया। इसमें 81,000 से ज्यादा घरों से डेटा लिया गया, दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया और 1.7 लाख से ज्यादा ब्लड सैंपल्स की जांच हुई।

 

Source - jagran.com


Related News