वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश नाकाम, AK-47 के साथ जैश का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

होम

अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वडोदरा से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। संदिग्ध व्यक्ति मोहम्मद सहरुल इस्लाम असम का रहने वाला बताया जा रहा है।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह एक अहम कामयाबी मानी जा रही है। गुजरात एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान संदिग्ध आतंकी के पास से एक एके47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की थी योजना

ATS के उप महानिरीक्षक (DIG) सुनील जोशी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी मोहम्मद सहरुल इस्लाम असम के करीमगंज का रहने वाला है, वडोदरा स्थित वायु सेना स्टेशन पर अकेले हमला करने की योजना बना रहा था।

अधिकारी ने बताया कि उसने स्टेशन की रेकी की थी और अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें भी ली थीं। उसे पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे और वह हमले के बाद पाकिस्तान भागने की फिराक में था।

गुजरात ATS ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा

गुजरात ATS को अवैध हथियारों की तस्करी के बारे में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इस जानकारी के आधार पर, ATS की टीम ने कल रात करीब 9:00 बजे जरोद बस स्टैंड के आसपास गुप्त निगरानी अभियान चलाया।

इसी दौरान, संदिग्ध व्यक्ति एक सरकारी बस से जरोद पहुंचा। जैसे ही वह बस से उतरा, पहले से तैनात ATS टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया। आरोपी के पास से राइफल और कारतूस बरामद हुए।

ATS की जांच में बड़ा खुलासा

शुरुआती जांच से पता चला है कि पकड़ा गया व्यक्ति असम का रहने वाला है। एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से आए, किसे दिए जाने थे, और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।

अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस हथियारों के नेटवर्क में कोई अन्य स्थानीय व्यक्ति या बाहरी लोग भी शामिल हैं। यह पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध जैश-ए-मोहम्मद से है।

 

Source - jagran.com


Related News