8th Pay Commission पर बड़ा बवाल! इन पेंशनर्स की नहीं बढ़ेगी पेंशन? विरोध में उतरे संगठन, पीएम मोदी से लगाई गुहार

व्यवसाय

नई दिल्ली| 8th Pay Commission Latest News: आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से पहले ही लाखों पेंशनर्स की चिंता बढ़ गई है। 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन (Pension Revision) को आठवें वेतन आयोग की टर्म्स ऑफ रेफरेंस (8th Pay Commission ToR) में शामिल करने की मांग तेज हो गई है।

इस मुद्दे को लेकर दो प्रमुख पेंशनर्स संगठनों फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) और भारत पेंशनर्स समाज (BPS) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इतना ही नहीं, 25 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के ईस्टर्न कोर्ट में FCPA, BPA और डिफेंस सिविलियन पेंशनर्स समेत कई संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन भी किया।

क्यों भड़का पेंशनर्स का गुस्सा?

नवंबर 2025 में जारी किए गए आठवें वेतन आयोग के ToR में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS), नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन सिस्टम (UPS) के तहत आने वाले पेंशनर्स की पेंशन और ग्रेच्युटी रिवीजन की बात तो की गई है, लेकिन इसमें 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके कर्मचारियों का कोई स्पष्ट जिक्र नहीं है।

चूंकि आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू होने की उम्मीद है, इसलिए पुराने पेंशनर्स को डर है कि उन्हें बढ़े हुए लाभ से वंचित रखा जा सकता है।

क्या है 'वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025' का विवाद?

FCPA ने 25 नवंबर को पीएम मोदी को लिखे पत्र में 'वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट, 2025' को पूरी तरह रद्द करने की मांग की है। इस मामले पर चर्चा के लिए संगठन ने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलने का समय भी मांगा है।

सरकार ने फाइनेंस एक्ट 2025 के जरिए यह कानून लागू किया था। इसके तहत केंद्र सरकार को यह अधिकार मिल गया है कि वह केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर पेंशनर्स के बीच उनकी रिटायरमेंट की तारीख (Date of Retirement) के हिसाब से अंतर या भेदभाव कर सकती है। पेंशनर्स संगठनों का आरोप है कि यह कानून 1 जनवरी 2026 से पहले और बाद में रिटायर होने वालों के बीच दीवार खड़ी करता है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले की अनदेखी का आरोप

पेंशनर्स संगठनों का कहना है कि नया कानून सुप्रीम कोर्ट के 1983 के ऐतिहासिक 'डीएस नाकरा बनाम भारत संघ' (D.S. Nakara vs Union of India) फैसले का उल्लंघन करता है। उस फैसले में सर्वोच्च न्यायालय ने साफ कहा था कि केवल रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर पेंशनर्स को दो अलग-अलग वर्गों में बांटना मनमाना है और यह संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता के अधिकार) के खिलाफ है।

संगठनों ने पीएम से इस कानून को वापस लेने और सभी पेंशनर्स के लिए समान रिवीजन सुनिश्चित करने की अपील की है।

 

Source - jagran.com


Related News