MSMEs को आसानी से मिले फंड, मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था और इकॉनमिक ग्रोथ पर RBI गवर्नर का जोर
नई दिल्ली| भारत मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे देश के निर्यात में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही देश में छोटे उद्योग भी तेजी से आगे बढ़े हैं। लेकिन छोटे उद्यमियों के बीच अब भी फंड की चिंता सबसे बड़ी समस्या के रूप में उभर कर सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को देश की मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था और आर्थिक विकास में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की भूमिका को अहम बताया है। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबारों के लिए वित्तीय मदद और कर्ज हासिल करना आसान बनाने की जरूरत है।
RBI के एक कार्यक्रम के दौरान मल्होत्रा ने कहा कि MSME देश की वैल्यू चेन का अभिन्न हिस्सा हैं। ये बड़े उद्योगों की कार्यक्षमता और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में सीधे योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे कारोबार देश की मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हालांकि, पहली बार कारोबार शुरू करने वाले उद्यमियों को शुरुआत में कई तरह के जोखिमों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि MSME सेक्टर सिर्फ सरकार की प्राथमिकता वाला क्षेत्र नहीं है, बल्कि भारत के आर्थिक बदलाव का एक केंद्रीय हिस्सा है।
MSMEs के प्रोडक्शन बढ़ाने पर जोर
संजय मल्होत्रा ने कहा कि आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती की दिशा में भारत की यात्रा में MSME की अहम भूमिका है। छोटे उद्यम मैन्युफैक्चरर, सप्लायर, सर्विस प्रोवाइडर और टेक्नोलॉजी पार्टनर के रूप में भी काम कर सकते हैं।
RBI गवर्नर ने इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को उन क्षेत्रों में शामिल किया, जहां MSME के लिए कारोबार के बड़े अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि श्रम आधारित उद्योगों को भी व्यापार के बढ़ते अवसरों से फायदा मिल सकता है। उनके मुताबिक कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाला कच्चा माल और अन्य जरूरी इनपुट उपलब्ध होने से MSME की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है।
छोटे कारोबारों तक कर्ज पहुंचाना प्राथमिकता
RBI गवर्नर ने वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की वित्तीय व्यवस्था में ज्यादा से ज्यादा लोगों और छोटे कारोबारों को जोड़ना एक प्रमुख प्राथमिकता है। वित्तीय समावेशन को बढ़ाने के लिए सूक्ष्म उद्यमों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। छोटे कारोबारों के लिए कर्ज तक पहुंच आसान बनाना भी प्राथमिकता है।
Source - jagran.com


