क्या लाड़-प्यार में आप भी करते हैं बच्चे का हर काम? अनजाने में उसे कमजोर बना रही है आपकी ये आदत

लाइफस्टाइल

नई दिल्ली। हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बने। हालांकि, कई बार जरूरत से ज्यादा मदद या हर फैसला खुद लेने की आदत बच्चों के आत्मनिर्भर बनने में बाधा बन जाती है। 

पेरेंट्स के लिए समझना जरूरी है कि आत्मनिर्भरता एक दिन में नहीं आती, बल्कि छोटी-छोटी आदतों और सही परवरिश से धीरे-धीरे विकसित होती है। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ बातें, जो बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर सकती हैं।

बच्चों को आत्मनिर्भर बनाती हैं ये आदतें

  • उम्र के अनुसार जिम्मेदारियां दें- बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार छोटे-छोटे काम जैसे अपना बैग व्यवस्थित करना, खिलौने समेटना या पानी की बोतल भरना सिखाएं। इससे उनमें जिम्मेदारी का भाव और आत्मविश्वास विकसित होता है।
  • हर समस्या का समाधान खुद न करें- अगर बच्चा किसी मुश्किल का सामना कर रहा है, तो तुरंत उसकी समस्या खु सुलझाने के बजाय उसे सोचने और समाधान खोजने के लिए प्रेरित करें। इससे उसकी फैसले लेने और समस्या सुलझाने की क्षमता मजबूत होती है।
  • गलतियां करने की अनुमति दें- गलतियां सीखने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं। अगर बच्चा किसी काम में असफल होता है, तो उसे डांटने के बजाय समझाएं कि गलती से सीखना ही आगे बढ़ने का रास्ता है।
  • फैसले लेने के अवसर दें- बच्चे को छोटे-छोटे फैसले खुद लेने दें, जैसे कौन-सी किताब पढ़नी है, कौन-से कपड़े पहनने हैं या कौन-सा खेल खेलना है। इससे उनमें आत्मविश्वास और स्वतंत्र सोच विकसित होती है।
  • कोशिश की तारीफ करें- सिर्फ अच्छे मार्क्स या सफलता की प्रशंसा करने के बजाय बच्चे की मेहनत, लगन और लगातार कोशिश करने के जजबे की तारीफ करना भी उतना ही जरूरी है। 
  • रोजमर्रा की जरूरी स्किल्स सिखाएं- बच्चों को अपने जूते के फीते बांधना, स्कूल बैग तैयार करना, कमरे को व्यवस्थित रखना या साधारण घरेलू काम करना सिखाएं। ये स्किल्स उन्हें भविष्य में अधिक आत्मनिर्भर बनाते हैं।
  • खुलकर बात करें- ऐसा माहौल बनाएं जिसमें बच्चा बिना डर अपनी बात कह सके। जब उसकी राय सुनी जाती है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वह अपने निर्णयों पर भरोसा करना सीखता है।
  • धैर्य रखें और जरूरत से ज्यादा हस्तक्षेप न करें- हर काम बच्चे की जगह खुद करने से वह दूसरों पर निर्भर हो सकता है। उसे समय दें, कोशिश करने दें और जरूरत होने पर ही मार्गदर्शन करें।

Source - jagran.com


Related News